बरेली: हुलासनगरा ओवरब्रिज निर्माण को 10 दिन का ब्लॉक
बरेली, अमृत विचार। बरेली-सीतापुर हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए रूट डायवर्ट किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर पूर्व में रणनीति बना ली है। रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर 20 दिसंबर के बाद गार्डर रखने का काम शुरू होगा। …
बरेली, अमृत विचार। बरेली-सीतापुर हाईवे स्थित हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए रूट डायवर्ट किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर पूर्व में रणनीति बना ली है। रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर 20 दिसंबर के बाद गार्डर रखने का काम शुरू होगा। इसके बाद हुलासनगरा क्रॉसिंग पर गार्डर जोड़ने के लिए करीब 10 दिन का ब्लॉक लेने की तैयारी है। इस दौरान ट्रैफिक अवरुद्ध रहेगा। डीएम ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है, गार्डर पहुंचने के इसे लागू कर दिया जाएगा।
बताते हैं कि डायवर्जन प्लान के अनुसार बरेली से शाहजहांपुर की ओर जाने वाला ट्रैफिक भुता से बीसलपुर रोड के जरिए निगोही पहुंचेगा, जबकि कुछ ट्रैफिक गौशगंज से बुखारा नहर मार्ग होते हुए जैतीपुर पहुंचेगा। इस संबंध में जिलाधिकारी ने एसडीएम फरीदपुर अजय उपाध्याय को निर्देश जारी कर दिए हैं।
हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवरब्रिज के पुराने गार्डर बीएचयू की जांच में फेल हो गए थे। करीब 14 सौ टन के नए गार्डर भिलाई में तैयार कराए जा रहे हैं। इस बीच हुलासनगरा पर बढ़ रहीं दिक्कतों का संज्ञान लेते हुए शासन ने सख्ती की तो काम में भी तेजी आई है। 15 से 20 दिसंबर के बीच ओवरब्रिज पर रखने के लिए गार्डर आने की उम्मीद है। इस संबंध में एनएचएआई ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंप दी है।
हुलासनगरा ओवरब्रिज को जल्द पूरा कराने की तैयारी चल रही है। ओवरब्रिज पर गार्डर रखने के लिए रूट डायवर्ट किया जाएगा। इसका प्लान तैयार कर लिया गया है। एनएचएआई की सूचना आने के बाद ही रूट डायवर्जन को लागू किया जाएगा। बरेली से जाने वाले ट्रैफिक को दो रास्तों से निकालने की तैयारी है। -मानवेंद्र सिंह, जिलाधिकारी
