रायबरेली: खेत में मिला महिला का शव, गला घोंटकर की गई हत्या
रायबरेली। उन्नाव के छोटीखेड़ा मजरे गालिबपुर, मौरावां की रहने वाली महिला सोमवार से लापता थी। मंगलवार को महिला का शव गुरुबक्शगंज के बंडे गांव में खेत में पड़ा मिला। महिला की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। साथ ही कपड़े भी अस्त-व्यस्त मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच …
रायबरेली। उन्नाव के छोटीखेड़ा मजरे गालिबपुर, मौरावां की रहने वाली महिला सोमवार से लापता थी। मंगलवार को महिला का शव गुरुबक्शगंज के बंडे गांव में खेत में पड़ा मिला। महिला की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। साथ ही कपड़े भी अस्त-व्यस्त मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच की। साथ ही छह लोगों को भी पूछताछ के लिए पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। मामले में मौरावां पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
मौरावां के छोटीखेड़ा गांव की संगीता 35 के पति शत्रोहन सोनकर की करीब आठ माह पूर्व मौत हो गई है। ऐसे में वह मेहनत मजदूरी करके अपने चार बच्चों का भरण पोषण करती थी। बताते हैं कि सोमवार की शाम वह बाजार गई थी। रात में वह घर नहीं लौटी तो बच्चों ने परिवार के दूसरे लोगों को पूरी बात बताई। इसके बाद घरवाले उसकी खोजबीन में जुट गए। मोबाइल पर फोन मिलाया गया तो वह बंद मिला।
पढ़ें- रायबरेली: धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या कर खेत में फेंका शव
वहीं मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि छोटीखेड़ा से करीब दो किमी दूर रायबरेली के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के बंडे गांव में सड़क किनारे खेत में संगीता शव पड़ा है। उसके कपड़े भी अस्त व्यस्त मिले। उसका गला उसी के दुपट्टे से कसा गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पहले 112 और फिर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव थाने ले आया गया।
वहीं घटनास्थल की फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने जांच की लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लग सका। सीओ महिपाल पाठक ने बताया कि दुपट्टे से कसकर महिला की हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
