सीतापुर: चार घरों में बदमाशों का धावा, विरोध पर ग्रामीण को किया घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिसवां/सकरन/सीतापुर। बिसवां कोतवाली इलाके के सांडा गांव में गुरुवार की रात बदमाशों ने जहां दो घरों से हजारों का माल पार कर दिया, वहीं दो अन्य घरों में लूटपाट की कोशिश की। एक घर में लूटपाट की कोशिश करने पर गृहस्वामी जाग गया। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने हमला कर उसे जख्मी कर दिया। …

बिसवां/सकरन/सीतापुर। बिसवां कोतवाली इलाके के सांडा गांव में गुरुवार की रात बदमाशों ने जहां दो घरों से हजारों का माल पार कर दिया, वहीं दो अन्य घरों में लूटपाट की कोशिश की। एक घर में लूटपाट की कोशिश करने पर गृहस्वामी जाग गया। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने हमला कर उसे जख्मी कर दिया। इस दौरान बचाव में पहुंचे पुलिस कर्मी पर भी बदमाशों ने हमला किया, लेकिन पकड़े जाने के खौफ से बदमाश भाग निकले। जख्मी ग्रामीण का इलाज कराया गया है। लोगाें कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बिसवां कोतवाली इलाके के सांडा गांव में गुरुवार की रात करीब एक दर्जन बदमाशों ने धावा बोल दिया। सूत्रों के मुताबिक बदमाशों ने पहले गांव के ही प्यारे लाल यादव पुत्र सतगुरु यादव के घर पर धावा बोला, लेकिन खटपट की आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए। उनके ललकराने पर बदमाश वहां से भाग निकले। जिसके बाद बदमाशों ने गांव के ही मोहम्मद समद पुत्र इद्दू के घर को निशाना बनाया। यहां से बदमाशों ने करीब 35 हजार की नगदी व सोने की अंगूठी और टॉप्स सहित हजारों का सामान पार कर ले गए। इसके अलावा पड़ोस के ही मोहम्मद मुस्लिम पुत्र मोसिम के घर में घुसकर बदमाशों ने ढाई हजार की नकदी पार कर दी।

दोनों घरों से माल पार करने के बाद चोरों ने सांडा चौराहे के निकट रहने वाले देशराज यादव पुत्र सुंदर के घर पर धावा बोल दिया। यहां बदमाश घर में घुसकर दरवाजा तोड़ रहे थे। इसी बीच देशराज की नींद खुल गई। उसने बदमाशों को ललकारा और पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। शोरगुल सुनकर गश्त पर निकला आरक्षी संदीप यादव भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस कर्मी के पहुंचने पर बदमाशों ने उस पर भी हमला किया और पकड़े जाने के खौफ से बदमाश वहां से भाग निकले।

घायल देशराज को रात में ही इलाज के लिए सांडा सीएचसी ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। चारों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। सूचना पाकर रात्रि में ही सीओ व बिसवां कोतवाल राजीव सिंह मौके पर पहुंचें और जांच पड़ताल की। घटना को लेकर प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि घटनाओं की तहरीर ले ली गयी है। मुकदमा दर्ज कर जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-काशीपुर: स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट के लिए दबाव बनाने का आरोप, आरोपी दंपती गिरफ्तार

संबंधित समाचार