मुरादाबाद : दूसरे वाहन के नंबर पर चल रहे कंटेनर में आ रही थी शराब
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा क्षेत्र में अवैध तरीके से लाई जा रही हरियाणा मार्का शराब की बरामदगी के बाद एक और खुलासा हुआ है। कागज जांचने पर मालूम हुआ कि कारोबारी दवा के पर्चे पर अवैध तरीके से हरियाणा से शराब ला रहे थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब कंटेनर की प्लेट …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा क्षेत्र में अवैध तरीके से लाई जा रही हरियाणा मार्का शराब की बरामदगी के बाद एक और खुलासा हुआ है। कागज जांचने पर मालूम हुआ कि कारोबारी दवा के पर्चे पर अवैध तरीके से हरियाणा से शराब ला रहे थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब कंटेनर की प्लेट पर दर्ज नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क किया तो एक और खुलासा हुआ।
पाकबड़ा थाने आए मालिक ने बताया कि यह नंबर उसकी डीसीएम गाड़ी का है। जो मौजूदा समय में कश्मीर में हैं। मालिक ने बाकायदा वीडियो काल के जरिए चालक से बात कर इसकी पुष्टि भी की। यह खुलासा होने के बाद तय हो गया है कि कंटेनर में दूसरी गाड़ी का नंबर दर्ज कर शराब लाई जा रही थी। लिहाजा पुलिस चेचिस नंबर के आधार पर कंटेनर मालिक की तलाश करने में जुटी है।
चार दिन पहले वाणिज्यकर अधिकारियों की टीम पाकबड़ा थाना क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने जब दिल्ली की ओर से आ रहे एक कंटेनर को रोका। अधिकारियों ने जब कागज चेक करने शुरू किए तो कंटेनर में मौजूद चालक फरार हो गया। कागज चेक करने पर देखा कि सभी दवा के पर्चे थे लेकिन चालक के फरार होने के बाद जब कंटेनर की सील खोली गई तो अंदर का नजारा देखकर होश उड़ गए।
कंटेनर में हरियाणा मार्का शराब भरी थी, जो अवैध तरीके से बिक्री के लिए लाई जा रही थी। वाणिज्यकर अधिकारी शराब से भरे ट्रक को अपने साथ कार्यालय ले आए थे। इसकी सूचना आबकारी अधिकारियों को दी गई। ट्रक के अंदर से करीब 325 पेटियां हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत 20 लाख रुपये बताई गई। चूंकि वाणिज्य कर अधिकारियों का शराब से कोई लेना देना नहीं था लिहाजा कंटेनर को पाकबड़ा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने कंटेनर में दर्ज नंबर की डिटेल आरटीओ कार्यालय से निकलवाई। इसके बाद पुलिस ने संभल निवासी कंटेनर मालिक से संपर्क किया। हालांकि जब मालिक थाने पहुंचा तो एक और चौकाने वाला खुलासा हुआ। मालिक ने बताया कि यह नंबर उसकी डीसीएम गाड़ी का है, जो मौजूदा समय में कश्मीर में हैं। उसने पुलिस के सामने वीडियो काल करके चालक से बात भी की। यह खुलासा होने के बाद पाकबड़ा थाना प्रभारी रंजन कुमार शर्मा ने बताया कि अब चेचिस नंबर के आधार पर मालिक को तलाश किया जा रहा है।
