नकली उर्वरक बनाने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का एसटीएफ ने किया भंडाफोड़
लखनऊ। पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जगहों पर अवैध रूप से नकली उर्वरक तैयार कर खरीद-बिक्री करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह की एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने धरपकड़ की है। एसटीएफ उपाधीक्षक अमित कुमार नाग द्वारा गठित दो अलग-अलग टीमों ने अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या में अवैध रूप से चल रहे कुल 04 …
लखनऊ। पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जगहों पर अवैध रूप से नकली उर्वरक तैयार कर खरीद-बिक्री करने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह की एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने धरपकड़ की है। एसटीएफ उपाधीक्षक अमित कुमार नाग द्वारा गठित दो अलग-अलग टीमों ने अमेठी, बाराबंकी और अयोध्या में अवैध रूप से चल रहे कुल 04 गोदामों छापेमारी कर गिरोह के 06 सदस्यों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
वहीं मौके पर भारी मात्रा में नकली उर्वरक बनाने में प्रयुक्त होने वाला सल्फर, फर्टिलाइजर डीएपी, सोडियम सल्फेट, फिलर पाउडर, ऑर्गेनिक डीएपी, सोलावेट सल्फर, जिंक सल्फेट, सल्फर पाउडर, ग्रेन्युअल, कैल्शियम सज्फेट, इंडस्ट्रियल सॉल्ट, मोनोगोल्ड उपकरण आदि बरामद किया गया। पकड़े गये सभी अपराधी बाराबंकी के रहने वाले हैं।
इस संबंध में एसटीएफ की ओर से बताया गया कि विगत काफी दिनों से अन्तर्जनपदीय नकली उर्वरक बनाने गिरोह के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं कि बाराबंकी, अमेठी व अयोध्या में बड़ी मात्रा में नकली उर्वरक तैयार कर उसे हूबहू ब्रांडेड कंपनियों की बोरियों में भरकर सप्लाई किया जा रहा है। इसके लिए एसटीएफ उपाधीक्षक अमित कुमार नागर को कार्रवाई का निर्देश दिया गया था। एसटीएफ उपाधीक्षक ने 02 टीमों का गठन करते हुए निरीक्षक दिलीप तिवारी व उनि मनोज पांडेय के नेतृत्व में जनपद अयोध्या व बाराबंकी एवं उनि विनोद सिंह के नेतृत्व में जनपद अमेठी में जांच शुरू की।
इसी क्रम में गत शुक्रवार को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई की जगदीशपुर, अमेठी में अवैध रूप से एक गोदाम में नकली खाद बनाने व सप्लाई का कार्य किया जा रहा है। सूचना पर विनोद सिंह की टीम ने जिला कृषि अधिकारी को सूचित कर श्री निवास एग्रो इंडस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र उतेलवा जगदीशपुर के गोदाम पर छापेमारी की। मौके पर मौजूद अनुराग शुक्ल उर्फ राजा शुक्ल व मनीष अवस्थी नकली खाद बनाते मिले। जो वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस कार्य में उनके साथ बाराबंकी निवासी विकास गुप्ता समेत कई अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।
प्राप्त सूचना के आधार पर दिलीप तिवारी व उनि मनोज पांडेय की टीम ने बाराबंकी ग्राम इटोहुवा रामसनेही घाट मजरा मुसेपुर, बाराबंकी पर छापेमारी की। जहां विमल कुमार को भारी मात्रा में नकली खाद की बोरियों के साथ पकड़ा गया। वह भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। विमल ने बताया कि वह विकास कुमार गुप्ता के साथ मिलकर यह सारा माल धमौरा चैराहा, रीजा गांव थाना पटरंगा, अयोध्या स्थित गोदाम में तैयार करता हैं। इसके बाद विमल की निशादेही पर अयोध्या में उक्त गोदाम पर भी दबिश दी गयी, जहां विकास गुप्ता को भारी मात्रा में अवैध खाद एवं बड़े उपकरणों के साथ रंगेहाथ पकड़ा गया। वह भी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
विकास ने बताया कि उसका चाचा सोनू गुप्ता भी नकली खाद बनाता है और समीप में ही उसका गोदाम है। टीम ने उपरोक्त गोदाम पर छापेमारी कर दिव्यांश गुप्ता को भारी मात्रा में अवैध खाद के साथ गिरफ्तार कया। दिव्यांश गुप्ता ने बताया कि उसके साथ पवन कुमार गुप्ता भी उक्त गोदाम का संचालन करता है तथा यह सारा खाद नकली है। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने बताया कि वे पूर्व में भी इन्हीं अपराधों में जेल जा चुके हैं। सभी अवैध खाद को जब्त कर बाराबंकी ले जाया गया और गोदामों को सील कर दिया गया है। साथ ही पकड़े गए अपराधियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधियों का विवरण :-
- अनुराग शुक्ल उर्फ राजा शुक्ल, भैरमपुर थाना, हैदरगढ़, बाराबंकी
- अमरनाथ शुक्ल, भैरमपुर थाना, हैदरगढ़, बाराबंकी
- मनीष अवस्थी, पचेरुआ थाना, हैदरगढ़, बाराबंकी
- विमल कुमार, ग्राम इटहुवा, थाना रामसनेहीघाट, बाराबंकी
- विकास कुमार गुप्ता, ग्राम काेटवा, पोस्ट हथौदा, बाराबंकी
- विकास गुप्ता, ग्राम कोटवा, पोस्ट हथौदा, बाराबंकी
