बरेली: आधा दर्जन सर्राफा व्यापारियों से 1.40 करोड़ के जेवरात हड़पे
बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के एक सर्राफ परिवार ने आलमगिरी गंज के करीब आधा दर्जन सर्राफों को भरोसे में लेकर उनसे करोड़ों के सोना-चांदी के जेवरात खरीदे और रकम हड़प कर गए। इसके बाद उसने न तो रकम वापस की और न ही माल। वहीं तकादा करने पहुंचे सर्राफों को लाइसेंसी हथियार दिखाते हुए …
बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के एक सर्राफ परिवार ने आलमगिरी गंज के करीब आधा दर्जन सर्राफों को भरोसे में लेकर उनसे करोड़ों के सोना-चांदी के जेवरात खरीदे और रकम हड़प कर गए। इसके बाद उसने न तो रकम वापस की और न ही माल। वहीं तकादा करने पहुंचे सर्राफों को लाइसेंसी हथियार दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। सर्राफ की पत्नी ने धोखाधड़ी करने वाले सर्राफा परिवार के खिलाफ तहरीर दी है।
बारादरी क्षेत्र के सूर्या इंक्लेव के रहने वाले सागर अग्रवाल की पत्नी शिल्पी अग्रवाल आलमगिरी गंज में परिधि डिजाइनर ज्वैलरी के नाम से दुकान का संचालन करती हैं। उन्होंने बताया कि सूर्या इंक्लेव निवासी एक सर्राफ की पत्नी साल 2018 में उनकी दुकान पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी खरीदने पहुंची थी, तभी से उनकी महिला से अच्छी जान-पहचान हो गई। जान-पहचान के बाद सर्राफ की पत्नी ने उनसे सोने-चांदी के जेवरात नगद व उधार लेना शुरू कर दिया।
कुछ ही समय में महिला ने इतना विश्वास जीत लिया कि उसने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की मुलाकात शिल्पी अग्रवाल और उनके पति से करवा दी। दोनों पक्षों के बीच जेवरातों की उधार व नगद खरीद-फरोख्त शुरू हो गई। कुछ ही समय में सर्राफा परिवार ने शिल्पी अग्रवाल से 32 लाख 15 हजार रुपये के जेवरात का उधार ले लिए। शिल्पी ने बताया कि लाखों की उधारी होने के बाद सर्राफा परिवार ने बातचीत और आना जाना भी बंद कर दिया।
तकादे का दबाव बनाने पर आरोपियों ने उन्हें 1 नवंबर 2021 को 14 लाख रुपये के चेक दे दिए। 23 नवंबर को जब शिल्पी अग्रवाल ने बैंक में चेक लगाए तो पता चला कि चेक जिस खाते के हैं, वह पहले ही बंद हो चुका है। इसके बाद शिल्पी आरोपियों की दुकान पहुंची तो हैरान रह गई। वहां उन्ही की तरह जालसाजी का शिकार हुए कई सर्राफ पहले से मौजूद थे।
इनमें इशान्या ज्वेलर्स की प्रियंका से करीब 60 लाख, सपना चतुर्वेदी से 3.20 लाख, किरन से 15 लाख, माधुरी पटेल व सरदार हरजिंदर सिंह से पांच-पांच लाख, रामपुर स्थित हेमकुंड ज्वेलर्स के तरनदीप सिंह ग्रोवर से 52 लाख रुपये समेत अन्य कई सर्राफा व्यापारियों से करीब डेढ़ करोड़ से भी ज्यादा की कीमत के जेवरात हड़प कर चुके हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने जब सर्राफा परिवार से रकम या माल वापसी की बात की तो आरोप है कि आरोपियों ने लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी हथियार दिखाते हुए जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। वहीं शिल्पी अग्रवाल के पति सागर अग्रवाल ने बताया कि शिकायत के बावजूद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
इसके साथ ही आरोपी पक्ष द्वारा शहर से संपत्ति बेचकर फरार होने की आशंका भी जताई है। वहीं शिल्पी अग्रवाल में आरोपियों से खुद की व परिवार की जान को खतरा जताते हुए कोतवाली थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
