बरेली: पूर्व पार्षद के घर में किराएदार पर फायरिंग
बरेली, अमृत विचार। पूर्व पार्षद के घर में देर रात तमंचा लेकर घुसे एक युवक ने वहां किराए पर रह रहे अपने भाई और उसके दोस्त की पिटाई लगा दी। भाई ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाने पहुंचे घायलों का मेडिकल कराकर बारादरी …
बरेली, अमृत विचार। पूर्व पार्षद के घर में देर रात तमंचा लेकर घुसे एक युवक ने वहां किराए पर रह रहे अपने भाई और उसके दोस्त की पिटाई लगा दी। भाई ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने तमंचा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाने पहुंचे घायलों का मेडिकल कराकर बारादरी पुलिस ने दो नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बारादरी थाना क्षेत्र फाइक इन्कलेव खतीब अली ने अपने भाई पर मारपीट व हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस से की गई शिकायत में खतीब अली ने बताया कि पिछले करीब एक साल से वह क्षेत्र के पूर्व पार्षद इरशाद के घर में किराए पर रह रहे हैं। बताया कि शनिवार की देर रात वह कमरे में अपने नबावगंज निवासी दोस्त तसलीम के साथ लेटे हुए थे। उसी समय उनका भाई नदीम अपने दोस्त तसलीम व अन्य साथियों के साथ तमंचा लेकर कमरे में घुस आया। इसके बाद नदीम ने अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। खतीब ने जब विवाद की वजह पूछी तो आरोपी युवक ने अपने भाई और उनके दोस्त की पिटाई लगा दी।
आरोप है कि मारपीट का विरोध करने पर नदीम ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। खतीब और उनके दोस्त ने किसी तरह खुद को बचाया, वहीं फायरिंग का शोर सुनकर पूर्व पार्षद व अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी नदीम जान से मारने की धमकी देता हुआ साथियों के साथ फरार हो गया। इसके बाद खतीब और उनका दोस्त बारादरी थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराने के बाद दो नामजद समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
