बरेली: ‘अपना टिकट पक्का है’ खंभों पर लटके दावेदार
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए राजनीतिक दलों की रैलियां शुरू हो गई हैं। टिकट के दावेदार पूरे दमखम से चुनाव लड़ने के लिए मैदान में नजर आ रहे हैं। सपा, कांग्रेस और अन्य दलों के दावेदारों के बीच सड़कों और पुलों की रेलिंग के खंभों में बैनर होर्डिंग लगाने की होड़ मची …
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए राजनीतिक दलों की रैलियां शुरू हो गई हैं। टिकट के दावेदार पूरे दमखम से चुनाव लड़ने के लिए मैदान में नजर आ रहे हैं। सपा, कांग्रेस और अन्य दलों के दावेदारों के बीच सड़कों और पुलों की रेलिंग के खंभों में बैनर होर्डिंग लगाने की होड़ मची है। होर्डिंग लगाने में भाजपा के तमाम नेता भी पीछे नहीं हैं। छुटभैया नेताओं ने भी अपने होर्डिंग लगाए हैं। तमाम नेता ऐसे भी हैं जो आजकल दिल्ली और प्रदेश हाईकमान के चक्कर खूब लगा रहे हैं। ‘अपना का टिकट पक्का है’ की बात कहते हुए प्रचार भी कर रहे हैं।
वर्तमान में जिले की सभी विधानसभा सीटें भाजपा के पास हैं। विधानसभा चुनाव-2022 के टिकट की दावेदारी में कई पुराने नेता शामिल हैं तो कई नए चेहरे भी टिकट की जुगत भिड़ा रहे हैं। दावेदारों की बात करें तो सबसे ज्यादा भीड़ सपा में दिखाई दे रही है। कैंट व फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में दावेदारों की फेहरिस्त लंबी है। कांग्रेस से भी करीब 60 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें करीब 25 महिलाएं शामिल हैं। जबकि केंद्र और प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा में अभी आवेदन पर रोक है। वहीं, बसपा में भी आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। यहां टिकट के दावेदारों को विधानसभा प्रभारी बनाया जा रहा है।
सपाई मानसिकता वाले अफसरों से भी ले रहे फीड बैक
समाजवादी पार्टी विस चुनाव के टिकट को लेकर फूंक-फूंककर कदम उठा रही है। पार्टी ने पहले कभी जनपद में रहे या फिर वर्तमान में तैनात सपाई मानसिकता वाले अफसरों को भी मोर्चे पर लगाया है। सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान जिले से टिकट की दावेदारी करने वालों के बारे में इन अफसरों से फीड बैक ले रही है। नवाबगंज विधानसभा से सपा के टिकट के लिए पिता-पुत्र ने भी दावेदारी की है।
विधानसभा वार सपा के दावेदार
मीरगंज: सपा के टिकट पर पूर्व विधायक सुल्तान बेग, सुरेश गंगवार, हाजी गुड्डू, साधना लोधी, गंगा सिंह, भद्रसेन और शेरगढ़ ब्लाक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी ने भी आवेदन किया है।
आंवला: पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, भारती चौहान, अमित राज, डा. जिराज यादव, विजेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, राकेश प्रताप और डा. वीर बहादुर ने दावेदारी की है।
शहर: सैफ वली खां, पार्षद राजेश अग्रवाल, अब्दुल कयूम मुन्ना, मो. कलीमुद्दीन, डा. अमित सक्सेना, विनय श्रीवास्तव, वैभव गंगवार, डा. अनीस बेग, पं विष्णु शर्मा ने दावेदारी की है।
कैंट: डा. पवन सक्सेना, नूतन शर्मा, डा. शाहजेब, फिरदौस खां, दीपक शर्मा, आरिफ कुरैशी, गौरव सक्सेना, समर्थ मिश्रा, नीरज तिवारी, अफरोज अंसारी, विष्णु शर्मा, अनीस अहमद, अनुराग सिंह नीटू, साधना मिश्रा ने आवेदन किया है।
भोजीपुरा: पूर्व विधायक शहजिल इस्लाम, मनोहर पटेल, अर्जुन टीटू, तस्सबर खान, अफसर खान चौधरी, अखलाक अहमद ने आवेदन किया है।
फरीदपुर: हरीश लाखा, विजयपाल सिंह, विशाल सागर, कल्पना, राजेश कश्यप, जय प्रकाश भास्कर, डालचंद्र, ओमप्रकाश दिवाकर, ऊषा देवी, शालिनी सिंह, ब्रहम स्वरूप सागर, इंद्रपाल सागर, विजेंद्र पाल, लेखराज दिवाकर और राम सिंह आजाद ने दावेदारी की है…।
बिथरीचैनपुर: आदेश यादव, देवेंद्र सिंह, कमलेश पटेल, शिवचरण कश्यप, प्रमोद यादव, बीडी वर्मा, सूरज यादव, शुजा खान, डा. फाजिल, सत्येंद्र सविता, हेमंत लोधी, सैयद आबिद अली, एके सिंह, मुदित प्रताप ने दावेदारी की है।
नवाबगंज: पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, इनके बेटे मनोज गंगवार, पुरुषोत्तम गंगवार ने दावेदारी की है।
