मुरादाबाद : थर्ड डिग्री से आरोपी की हालत बिगड़ी, जेल प्रशासन का भी दाखिल करने से इनकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। लूट के आरोपी ने मैनाठेर पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत देखते हुए जेल स्टाफ ने भी उसे लेने से इन्कार कर दिया। लिहाजा आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पुत्र ने भी पुलिस गैरकानूनी तरीके से उसे हिरासत में रखने, मारपीट …

मुरादाबाद, अमृत विचार। लूट के आरोपी ने मैनाठेर पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत देखते हुए जेल स्टाफ ने भी उसे लेने से इन्कार कर दिया। लिहाजा आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के पुत्र ने भी पुलिस गैरकानूनी तरीके से उसे हिरासत में रखने, मारपीट करने और पिता को उसकी पिटाई का लाइव वीडियो दिखाने और डेढ़ लाख रुपये लेकर उसे छोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक देहात ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

मैनाठेर पुलिस ने सोमवार को बिलारी थाना क्षेत्र के गांव इब्राहीमपुर निवासी मजलूम को गिरफ्तार किया था। मेरठ के स्क्रैप कारोबारी विपिन सेमवाल ने उस पर पूर्णिया बिहार से मंगाए गए स्क्रैप को ट्रक चालक द्वारा उसके मालिक की फैक्ट्री में न ले जाकर बदनियती से ट्रक की नंबर प्लेट बदलकर स्वयं हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मजलूम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रक को 12 लाख रुपये कीमत के 12 टन स्क्रैप के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया था।

पुलिस ने बताया था कि आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था। उसने बताया था कि वह पूर्णिया से ट्रक में पुरानी बैट्री के करीब 17.970 टन स्क्रैप को अल काबिज इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड महुआ खेड़ा गंज थाना काशीपुर जनपद उधम सिंह नगर उत्तराखंड ले जाना था। रास्ते में उसने अपनी साथी नदीम निवासी ग्राम जटपुरा थाना मैनाठेर व शाने आलम निवासी ग्राम गददीपुर थाना कुंदरकी के साथ मिलकर अपने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गायब कर दिया था। पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। मगर जेल प्रशासन ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दाखिल करने से इन्कार कर दिया। तब मैनाठेर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां मजलूम ने मैनाठेर पुलिस पर थर्ड डिग्री दिए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। इसके बाद भी पुलिस कर्मियों ने उसे थाने में बंद करके जमकर पीटा। दो पुलिस कर्मियों ने उसके पैर पकड़ लिए और चार ने उसे पट्टे से जमकर पीटा। इतना ही नहीं पुलिस कर्मियों ने उसे कार में डालकर भी पीटा। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने उसके बेटे समीर को भी ट्रक लेकर थाने बुला लिया और वहीं बैठा लिया। समीर को भी अंदर ले जाकर जमकर पीटा। आरोप है कि समीर की पिटाई की वीडियो कॉल करके उसके पिता को दिखाई गई। इसके बाद डेढ़ लाख रुपये लेकर उसे छोड़ा गया।

मैनाठेर थाने में थर्ड डिग्री दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित के बेटे ने भी डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। घटना की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।- विद्यासागर मिश्र, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण।

मैनाठेर पुलिस एक आरोपी को जेल में दाखिल करने के लिए लाई थी। उसकी हालत काफी खराब थी। इसलिए उसे जेल में लेने से इन्कार करते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।-वीरेश राज शर्मा, जेल अधीक्षक, जिला कारागार मुरादाबाद।

संबंधित समाचार