बरेली: सड़क खोदाई में कटी केबिल, आरटीओ में काम ठप
बरेली, अमृत विचार। सड़क चौड़ीकरण के लिए हो रही खोदाई में आरटीओ को इंटरनेट मुहैया कराने वाली केबल कट जाने से कार्यालय में काम ठप हो गया। जिससे कार्यालय में आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वह निराश होकर वापस लौट गए। वाहनों की फिटनेस कराने आए लोगों को अब 16 दिसंबर की …
बरेली, अमृत विचार। सड़क चौड़ीकरण के लिए हो रही खोदाई में आरटीओ को इंटरनेट मुहैया कराने वाली केबल कट जाने से कार्यालय में काम ठप हो गया। जिससे कार्यालय में आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वह निराश होकर वापस लौट गए। वाहनों की फिटनेस कराने आए लोगों को अब 16 दिसंबर की तारीख दी गई है।
बीडीए की तरफ से नकटिया रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदाई का काम चल रहा है। जिसके तहत सोमवार की सुबह कार्यालय के सामने खोदाई के दौरान आरटीओ में इंटरनेट का कनेक्शन देने वाली बीएसएनएल की भूमिगत केबिल कटने से कार्यालय में नेट की सप्लाई बंद हो गई। उसके बाद पूरा सर्वर बंद होने से कार्यालय में काम बंद हो गया। बाद में पता लगा कि जेसीबी से खोदाई के दौरान केबिल कटने से नेट बंद हुआ है। सूचना मिलने पर बीएसएनएल के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
उसके बाद देर शाम तक उसे जोड़ने का काम चलता रहा। आरआई एमपी सिंह ने बताया कि सोमवार को केबिल कट जाने की वजह से लाइसेंस संबधित काम को छोड़कर कोई दूसरा काम नहीं हो पाया। वाहनों की फिटनेस कराने आए लोग भी दिनभर परेशान होते रहे। फिटनेस कराने आए लोगों को अब अगली तारीख 16 दिसंबर दी गई है। वही मंगलवार को भी नेट की रफ्तार कम होने से काम में अड़चन आई।
