बरेली: मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम पर सक्रिय नहीं हुए 260 रोजगार सेवक
बरेली, अमृत विचार। मनरेगा के कार्यों में मनमानी व मनरेगा श्रमिकों की हाजिरी में अक्सर गोलमाल की शिकायत मिलने पर सरकार ने जिले में मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम ऐप शुरू किया है लेकिन जिले के 260 रोजगार सेवक इसको लेकर अभी सक्रिय नहीं हैं। जिसके चलते मनरेगा मजदूरों का ऑनलाइन मस्टररोल नहीं बन पा रहा है। …
बरेली, अमृत विचार। मनरेगा के कार्यों में मनमानी व मनरेगा श्रमिकों की हाजिरी में अक्सर गोलमाल की शिकायत मिलने पर सरकार ने जिले में मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम ऐप शुरू किया है लेकिन जिले के 260 रोजगार सेवक इसको लेकर अभी सक्रिय नहीं हैं। जिसके चलते मनरेगा मजदूरों का ऑनलाइन मस्टररोल नहीं बन पा रहा है। अधिकारी ऐप में संशोधन और कई रोजगार सेवकों के पास एंड्राइड फोन नहीं होने की बात कहकर जल्द ही उन्हें भी सक्रिय कर देने का दावा कर रहे हैं।
जिले की बात करें तो 1193 ग्राम पंचायतें और 3 लाख से अधिक जॉबकार्ड धारक मजदूर हैं। इनमें सक्रिय मजूदरों की संख्या करीब 2 लाख है। जिनके माध्यम से गांव में मनरेगा के तहत सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन का निर्माण, तालाबों का सौंदर्यीकरण, खुदाई, सफाई के अलावा भी कई तरीक के कच्चे-पक्के कार्य कराए जाते हैं। इन कार्यों में पहले रजिस्टर में मजदूरों की हाजिरी लगाकर मस्टररोल बनाने और बिल वाउचर लगाकर फर्जी भुगतान लेने की शिकायत काफी आती थी। जांच में शिकायतों की पुष्टि होने के बावजूद कुछ दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो पाती थी।
इस तरह की अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने न्यू मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम विकसित किया ताकि कार्यस्थलों पर कार्य करने वाले मजदूरों की हाजिरी मौके पर जाकर लगाई जाए। इसमें कार्य कर रहे मजदूरों की फोटो के साथ दो मिनट का वीडियो बनाना है। वीडियो बनते ही वह निर्धारित वेबसाइट पर स्वत: ही अपलोड हो जाएगा। इसको लेकर समस्त रोजगार सेवकों को मोबाइल देकर प्रशिक्षित किया जा चुका है। डीसी मनरेगा गंगाराम वर्मा ने कि अब तक 810 में से महज 260 रोजगार सेवकों ने ही मोबाइल मानीटरिग सिस्टम के लिए अपना नंबर पंजीकृत कराया है। यह मस्टरोल से लेकर अन्य कार्य भी मोबाइल मानीटरिग सिस्टम से ही कर रहे हैं।
…तो इसलिए हो रही देरी
अफसरों के मुताबिक कई रोजागर सेवक ऐसे हैं जिनके पास एंड्राइड फोन नहीं है। इसके अलावा बीच में समय-समय पर ऐप में कई तरह के संशोधन किए गए। जिसकी वजह से अब सभी रोजगार सेवकों के मोबाइल में यह ऐप डाउनलोड नहीं की जा चुका है।
एक्टिव मनरेगा मजदूरों की ब्लॉकवार संख्या
भदपुरा में 14932, भुता में 18254, बहेड़ी में 13819, भोजीपुरा में 13824, क्यारा में 6472, फरीदपुर में 11738, फतेहगंज पश्चिमी में 11700, बिथरीचैनपुर में 11824, मझगवां में 14790, रिछा में 12119, नवाबगंज में 24203, रामनगर में 10074, शेरगढ़ में 12056, मीरगंज में 12205 और आलमपुर जाफराबाद में 17005 मनरेगा मजदूर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
