मुरादाबाद : अब 65 से अधिक उम्र के लोग भी कर सकेंगे हज यात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। हज यात्रा पर जाने वाले जायरीन के लिए अच्छी खबर है। वह यह कि इस बार हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज पर जाने वालों के लिए आयु सीमा में छूट दी है। अब 65 साल से अधिक आयु के लोग भी हज यात्रा पर जा सकते हैं। कोरोना महामारी के कारण …

मुरादाबाद, अमृत विचार। हज यात्रा पर जाने वाले जायरीन के लिए अच्छी खबर है। वह यह कि इस बार हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज पर जाने वालों के लिए आयु सीमा में छूट दी है। अब 65 साल से अधिक आयु के लोग भी हज यात्रा पर जा सकते हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से हज यात्रा नहीं हो पा रही है। इस बार सऊदी सरकार ने हज यात्रा की अनुमति दे दी है।

अनुमति मिलने के बाद प्रदेश के साथ-साथ जनपद में भी हज पर जाने वाले जायरीन ने आवेदन करना शुरू कर दिया था। कोरोना महामारी की वजह से हज कमेटी ने 65 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को हज यात्रा पर जाने के लिए अनुमति नहीं दी थी। इसको लेकर सालों से हज के लिए जाने वाले बुर्जुगों में मायूसी छा गई थी। इस बीच हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा पर जाने वाले जायरीन की आयु सीमा में छूट दे दी है।

एक साथी को साथ ले जाना अनिवार्य
हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से छूट मिलने के बाद वृद्ध लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। यात्रा पर जाने के दौरान उन लोगों को अपने साथ एक साथी को ले जाना अनिवार्य होगा। ऐसे में वे परिवार के किसी महिला अथवा पुरुष सदस्य को अपने साथ ले जा सकते हैं।

दोगुनी महंगी हुई यात्रा
पिछले दो सालों के मुकाबले में इस बार हज यात्रा का खर्च दोगुना बढ़ गया है। इस बार हज पर जाने वाले जायरीन को 3,35,000 रुपये से 4,07,000 रुपये प्रति व्यक्ति तक खर्च करने होंगे, जबकि वर्ष 2019 में हज के लिए जाने वालों को अजीजिया क्लास के लिए 2,36,000 रुपये तथा ग्रीन क्लास के लिए 2,82,000 रुपये खर्च करने पड़ते थे।

हज ट्रेनर खुसरो फैसल राजा ने बताया कि हज कमेटी ने हज पर जाने के लिए आयु सीमा समाप्त कर दी है। इस फैसले से हज यात्रियों के आवेदन बढ़ेंगे। आवेदन करने की आखिरी तिथि 31 जनवरी 2022 तक है।

संबंधित समाचार