लखनऊ: तिरुपति ज्वेलर्स में लूट व फायरिंग करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पूर्व तिरुपति ज्वेलर्स में दिनदहाड़े फायरिंग कर लाखों रूपये के आभूषणों की लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान गाजीपुर थाना क्षेत्र निवासी हर्ष सिंह उर्फ हनी सिंह (26) व गुडम्बा थानांतर्गत शिवपुरी निवासी …
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र में करीब एक सप्ताह पूर्व तिरुपति ज्वेलर्स में दिनदहाड़े फायरिंग कर लाखों रूपये के आभूषणों की लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान गाजीपुर थाना क्षेत्र निवासी हर्ष सिंह उर्फ हनी सिंह (26) व गुडम्बा थानांतर्गत शिवपुरी निवासी रवि रुद्र शर्मा (36) के रूप में हुई है। हर्ष सिंह मूल रूप से कानपुर के बिल्हौर और रवि बिहार के समस्तीपुर अंतर्गत उजियारपुर का रहने वाला है।
दोनों के पास मौके पर 05 सोने की चेन, 02 सोने की अंगूठी, 02 जोड़ी कान के सोने के टॉप्स, 01 देशी पिस्टल, 01 देशी तमंचा व चार जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं। पुलिस ने गुरुवार को उन्हें कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। विदित हो कि गत 8 दिसंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे चार युवक ग्राहक बनकर तिरुपति ज्वेलर्स में घुसे और कर्मचारी को आभूषण दिखाने को कहा। कर्मचारी ने जब कई आभूषण स्टॉल पर निकाल दिये तो अपराधियों ने कर्मचारी पर गोली तान दी।
विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारी को गोली मार दी और लाखों रुपये के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गये। गुरुवार को पुलिस ने बंधा रोड पर हर्षा अस्पताल के समीप दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और लूटा गया माल व हथियार बरामद किया। पुलिस उपायुक्त अपराध पीके तिवारी ने बताया कि लूट कांड के शेष दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-डोमिनिकन गणराज्य में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त, संगीतकार हर्नांडेज सहित नौ लोगों की मौत
