विस चुनाव: कांग्रेस के दावेदारों का कितना जनाधार, दीपेंद्र हुड्डा ले रहे साक्षात्कार
मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट मांगने वाले मुरादाबाद, बरेली सहित नौ जिलों के दावेदारों के दम की परख शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिकारियों ने की। हरियाणा के सांसद और यूपी के प्रभारी दिपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावेदारों से जीत का आधार सहित अन्य बिंदुओं पर …
मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट मांगने वाले मुरादाबाद, बरेली सहित नौ जिलों के दावेदारों के दम की परख शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिकारियों ने की। हरियाणा के सांसद और यूपी के प्रभारी दिपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावेदारों से जीत का आधार सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी लेकर पार्टी के लिए किए गए कार्यों के बारे में पूछा।
हरियाणा के सांसद और यूपी के प्रभारी दिपेंद्र सिंह हुड्डा, सह प्रभारी राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने मुरादाबाद, बरेली, बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, अमरोहा, बिजनौर, संभल, शाहजहांपुर जिले से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट मांगने वाले दावेदारों का साक्षात्कार लिया। सुबह से ही टिकट के दावेदार अपने अपने जिलों से सर्किट हाउस में पहुंच गए थे। जैसे ही दिपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे इसके बाद साक्षात्कार का क्रम चला।
सबसे पहले मुरादाबाद जिले के विधानसभाओं के उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग कमेटी के सामने पेशी हुई। एक-एक कर दावेदार अपने दस्तावेज व जीत के दावे के साथ स्क्रीनिंग कमेटी के सामने पहुंचते रहे, प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय सचिव ने उनसे टिकट के दावे के पीछे आधार और जीत के लिए क्या समीकरण है के बारे में जानकारी ली। सदस्यता अभियान में दस हजार सदस्य जोड़ने की बात कही। टिकट मांगने वालों में खुद जिला कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी और पूर्व में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार भी शामिल रहे। महिला दावेदारों की संख्या भी जुटी।
कुंदरकी विधानसभा से दो महिला दावेदार एक साथ बैठी रहीं। उनके अपने अपने तर्क थे। इसमें एक खुद को पिता की राजनीतिक छवि से जोड़कर अपने पक्ष में दावा कर रही थीं तो दूसरे को नये चेहरे और महिलाओं के लिए प्रियंका गांधी के 40 फीसदी सीट देने की प्रतिज्ञा पर टिकट मिलने का भरोसा रहा। बरेली के आंवला सहित अन्य विधानसभा क्षेत्रों से आए चेहरे अपने पक्ष में तर्क रखते रहे।
मुरादाबाद के जिला प्रभारी सुखराज सिंह का कहना है कि पार्टी के मानकों पर खरा उतरने और जनता के बीच मजबूत पैठ रखने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वालों पर भी फोकस किया जा रहा है। टिकट देने का फैसला स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा प्रांतीय व राष्ट्रीय अध्यक्ष की कोर कमेटी करेगी। स्क्रीनिंग कमेटी ने मुरादाबाद, बरेली, बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, अमरोहा, बिजनौर, संभल, शाहजहांपुर जिले के दावेदारों का साक्षात्कार लेकर जानकारी हासिल की है। इस दौरान मुरादाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष असलम खुर्शीद, प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी आदि भी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
