पंजाब फतेह को भाजपा ने बनाया प्लान, अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की शुक्रवार को औपचारिक घोषणा की। अमरिंदर सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक …

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी पंजाब विधानसभा का चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ने की शुक्रवार को औपचारिक घोषणा की। अमरिंदर सिंह ने इस घोषणा से पहले केंद्रीय मंत्री और पंजाब के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने गठबंधन का औपचारिक एलान किया।

अमरिंदर सिंह के साथ संवाददाताओं से बातचीत में शेखावत ने कहा, ”आज मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा और अमरिंदर सिंह पंजाब चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे। हम साथ मिलकर काम कर रहे हैं।” शेखावत ने कहा कि उपयुक्त समय पर सीटों के तालमेल के बारे में घोषणा की जाएगी।

अमरिंदर सिंह ने कहा, ”हमारा गठबंधन निश्चित तौर पर 101 प्रतिशत चुनाव जीतेगा। सीटों का तालमेल जीत की संभावना के हिसाब से तय किया जाएगा।” कुछ दिनों पहले ही शेखावत ने चंडीगढ़ में भी सिंह से मुलाकात की थी। ज्ञात हो कि पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था।

भाजपा का शिरोमणि अकाली दल से बहुत पुराना गठबंधन था, लेकिन केंद्र के तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का गठबंधन टूट गया था। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

संबंधित समाचार