अमृत विचार अभियान : यात्रियों की जेब काट रहा रोडवेज, बाईपास की 10 किलोमीटर दूरी का 17 रुपये किराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। बदले रास्ते से दौड़ रहीं दिल्ली रूट की बसें यात्रियों के जेब काट रही हैं। इस रूट के यात्री हर दिन सात रुपये अधिक किराया चुकाने को मजबूर हैं। रोडवेज प्रबंधन भी इस मुद्दे पर खामोशी से धन संग्रह में जुटा है। सैकड़ों की संख्या में यहां से यात्री दिल्ली के बीच रोडवेज …

मुरादाबाद,अमृत विचार। बदले रास्ते से दौड़ रहीं दिल्ली रूट की बसें यात्रियों के जेब काट रही हैं। इस रूट के यात्री हर दिन सात रुपये अधिक किराया चुकाने को मजबूर हैं। रोडवेज प्रबंधन भी इस मुद्दे पर खामोशी से धन संग्रह में जुटा है। सैकड़ों की संख्या में यहां से यात्री दिल्ली के बीच रोडवेज की बसों से यात्रा करते हैं।

रोडवेज में साधारण बसों का किराया 1.20 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से तय किया गया है। जबकि, जिन स्टेशनों के बीच टोल-प्लाजा नहीं है, वहां का किराया कुछ कम है। मुरादाबाद से दिल्ली के बीच चलने वाली बसों को तीन टोल से गुजरना पड़ता है। इसलिए इस रूट की बसों का किराया भिन्न है।

मुरादाबाद से दिल्ली दिशा की ओर जाने वाली बसें दिन में अड्डे से डायवर्ट होकर कोहिनूर तिराहा- आरटीओ होते दिल्ली रोड तक पहुंचती हैं। उनके यात्रियों को कम दूरी में सवा गुना किराया चुकाना पड़ रहा है। रोडवेज के रिकार्ड में डिपो से लाकड़ी फाजलपुर की दूरी 10 किलोमीटर है। जबकि किराया 17 रुपये है। इस बीच कोई टोल भी नहीं है। लेकिन, किराया डेढ़ गुना है। रोडवेज प्रबंधन इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

अलबत्ता डिपो से रेलवे स्टेशन- रेलवे लोको पुल के आने-जाने वाली बसों का किराया कम होने की संभावना की चर्चा हो रही है। रोडवेज की सेवा प्रबंधक कहते हैं कि सीधे रूट में दिल्ली का किराया 7 रुपये कम हो जाएगा। अभी सामान्य बसें 208 रुपये में आनंद विहार पहुंच जाती है। जबकि लोकोशेड से बसों का आवागमन शुरू होते ही किराया 201 रुपये हो जाएगा। यात्रियों को सात रुपये की बचत होगी। यात्रा का समय भी कम होगा। लेकिन रात के समय भी पुल से गुजरने वाली बसों के यात्रियों से भी रोडवेज प्रबंधन अधिक किराया वसूल रहा है। इसे लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस के प्रवक्ता सुधीर पाठक कहते हैं कि यह प्रबंधन की मनमानी है। बसों की हालत बदतर है और यात्री सुविधाओं का अभाव भी है। लेकिन, जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सोमवार को एसपी ट्रैफिक से दिल्ली रूट की बसों के लोकोशेड पुल से चलाए जाने की मांग का अपडेट एकत्र करुंगा। मुरादाबाद बस अड्डे से लाकड़ी फाजलपुर का किरया 17 रुपये है। निश्चित रूप से यह रकम अधिक है। लेकिन लोकोशेड से दिल्ली रूट की बसों के संचालन शुरू होने से यात्रियों को सात रुपये की बचत होगी। यात्रा में समय भी कम लगेगा।-सोमपाल सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक

संबंधित समाचार