सीतापुर: महिलाएं हुईं ठगी का शिकार, साफ करने के नाम पर ठगों ने पार किए तीन लाख के जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खैराबाद/सीतापुर। जेवरात व बर्तन साफ करने के बहाने ठगों ने शनिवार को कस्बे के महेंद्री टोला में एक शिक्षक के परिवार की महिलाओं के लाखों के जेवरात पार कर दिए और रफूचक्कर हो गए। कुछ देर बाद जब महिलाओं को ठगी का शिकार होने की जानकारी हुई तो उनके पांव तले से जमीन खिसक गई। …

खैराबाद/सीतापुर। जेवरात व बर्तन साफ करने के बहाने ठगों ने शनिवार को कस्बे के महेंद्री टोला में एक शिक्षक के परिवार की महिलाओं के लाखों के जेवरात पार कर दिए और रफूचक्कर हो गए। कुछ देर बाद जब महिलाओं को ठगी का शिकार होने की जानकारी हुई तो उनके पांव तले से जमीन खिसक गई। आनन फानन में परिवार के पुरुषों को जानकारी दी। साथ ही पुलिस को बताया गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की। पड़ोस के एक घर से सीसीटीवी फुटेज मिले हैं।

जिसमें ठगी करने वाले एक आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। खैराबाद के मोहल्ला महेंद्र टोला निवासी प्रभात मिश्र कस्बे के ही जेएलएमडीजे इण्टर कॉलेज के प्रवक्ता हैं। शनिवार को वह विद्यालय गए थे। इस बीच उनके घर में उनकी पत्नी ममता मिश्रा व बहू रक्षिता मिश्र मौजूद थीं।

तभी दो लोग उनके दरवाजे पर आए और खुद को पीतल के बर्तन व जेवरात साफ करने वाला बताया। इन दोनों ठगों ने पहले पीतल का बर्तन साफ करके दिखाया। उसके बाद महिलाओं को भरोसे में लेकर शिक्षक की पत्नी व बहू से सोने की चेन, टाप्स, अंगूठी आदि जेवर ले लिए। उसके बाद एक कटोरदान में कुछ कैमिकल, पाउडर व पानी मिला कर महिलाओं को वापस दे दिया। दोनों ठगों ने महिलाओं से जेवरात वाले कटोरदान को गर्म करने के लिए दे दिया।

पीड़ित के मुताबिक ठगों ने कहा कि पानी गर्म होते ही जेवर साफ हो जाएंगे। यह बता कर दोनों ठग वहां से रफूचक्कर हो गए। महिलाओं ने जब कटोरदान के पानी को गर्म किया तो उसमें सिर्फ पानी था, जेवर गायब थे। यह देखकर महिलाओं के होश उड़ गए। उन्होंने फौरन परिवार के पुरुषों को जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस को भी बताया गया। पीड़ितों ने बताया कि ठगों ने करीब तीन लाख के जेवर पार कर दिए हैं।

खबर पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। एक सीसीटीवी फुटेज में ठग का फोटो आया है। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पड़ोस के एक अन्य घर में भी ठगों ने दी थी दस्तक

स्थानीय लोगों के मुताबिक शिक्षक के घर की महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने से पहले से ठगों ने पड़ोस के एक अन्य घर में भी दस्तक दी थी, लेकिन उस घर के लोगाें ने समझदारी दिखाई और ठगों के झांसे में नहीं आए। जिससे वह लोग ठगी का शिकार होने से बच गए। बताते हैं कि इसी घर के पास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जिनकी फुटेज खंगालने पर ठगों की फोटो आई है। पुलिस उनको आधार बना कर जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी में तीन दिवसीय हनी-बी अंतरराष्ट्रीय महोत्सव शुरू, 700 से ज्यादा मौनपालक हुए शामिल

संबंधित समाचार