रामपुर: बिलासपुर में पुलिस के मुखबिर की गोली मारकर हत्या
बिलासपुर (रामपुर), अमृत विचार। क्षेत्र के भैंसिया ज्वालापुर गांव में एक युवक की घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज से अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावरों की तलाश की गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। …
बिलासपुर (रामपुर), अमृत विचार। क्षेत्र के भैंसिया ज्वालापुर गांव में एक युवक की घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज से अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हमलावरों की तलाश की गई, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस ने परिजनों के आने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पुलिस के लिए मुखबिरी करने वाला बताया जा रहा है।
भैंसिया ज्वालापुर गांव निवासी करीब तीस वर्षीय शाजिम रविवार रात घर को लौट रहा था। रात करीब पौने आठ बजे गांव में रेलवे क्रॉसिंग के स्पीड ब्रेकर के पास से कार से गुजर रहा था। ब्रेकर पर कार की स्पीड हल्की होते ही वहां घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसके सिर व छाती में गोलियां उतार दीं। घटना के बाद शाजिम के साथ चल रहा उसका साथी कार से उतरकर फरार हो गया।
गोलियां चलने की आवाज से अफरा तफरी मच गई। काफी देर तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी और सीओ बिलासपुर अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए थे। उसके बाद शाजिम की मौके पर ही मौत हो जाने की पुष्टि की। पुलिस ने शाजिम की कार में साथ चल रहे उतरकर भागे युवक की तलाश की है। हमलावर अज्ञात बताये जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन भी आ गए थे। जहां शव को देखकर रोना पीटना शुरूकर दिया। पुलिस ने युवक के हत्यारों की तलाश में कई जगह खोजबीन भी की। लेकिन उनका पता नहीं चल सका। पुलिस ने अभी कोई विस्तृत जानकारी देने से इंकार कर दिया है। शाजिम को पुलिस का मुखबिर होना बताया जा रहा है। आशंका है इसी के चलते उसे मारा गया है।
कहीं फरार साथी ने तो नहीं रची हत्या की साजिश
जिस तरह से कार सवार युवक की गोली मारकर हत्या की गई। इस दौरान युवक के साथ आ रहा उसका साभी भी मौके से फरार हो गया। उससे यहीं माना जा रहा है कि मृतक शाजिम के साथ चलने वाले उसके साथी ने ही आरोपियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। उसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस इसी आशंका में साथी की तलाश कर रही है।
एक युवक की कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले की जांच की जा रही है। हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। -अरुण कुमार सिंह,सीओ बिलासपुर
