रामपुर : सवारियों से भरी पिकअप से भिड़ा डंपर, 27 मजदूर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्वार (रामपुर),अमृत विचार। उत्तराखंड के स्टोन क्रेशर से बजरी भरकर तेजगति से आ रहे ओवरलोड डंपर ने सामने से आ रही सवारियों से भरी पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए। डंपर चालक समेत पिकअप में सवार 27 लोग घायल हो गए। मौके पर चीखपुकार मच गई। सभी घायलों …

स्वार (रामपुर),अमृत विचार। उत्तराखंड के स्टोन क्रेशर से बजरी भरकर तेजगति से आ रहे ओवरलोड डंपर ने सामने से आ रही सवारियों से भरी पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए। डंपर चालक समेत पिकअप में सवार 27 लोग घायल हो गए। मौके पर चीखपुकार मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने 11 घायलों की हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।

जिला बदायूं के गांव जालीपुर गडैया निवासी मोहन सिंह, सलोनी, नरेन्द्र, सुनील कुमार, बबीता, राहुल, वेदबाबू, मीना देवी, वीरपाल, सर्वेश, सतीश, नीतू, संजय, मुकेश, पंकज, शेखर, नीरज, लीलवती, लक्ष्मी, राजवीर, दामनी, रामपाल, रवि सिंह, अमित राज, अरुण, अजय पिकअप में सवार हो उत्तराखंड के बाजपुर में खनन की छान पर काम करने जा रहे थे। रविवार रात करीब तीन बजे मजदूरों से भरी पिकअप जैसे ही सेंट फ्रांसिस स्कूल के निकट पहुंची कि बाजपुर की ओर से एक स्टोन क्रेशर से बजरी भरकर तेजगति से आ रहे डंपर ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार लोगों में चीखपुकार मच गई। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंच गई ओर सभी घायलों समेत गांव काशीपुर आंगा निवासी डंपर चालक मोहम्मद इशहाक को एंबुलेंस से उपचार के सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मीना देवी, वीरपाल, सुनील, मुकेश, बबीता, राहुल, बेदवती, नीतू, नंदनी, सर्वेश, सतीश की हालत गंभीर देख जिलाचिकित्सालय रेफर किया है। पिकअप चालक हादसे के बाद फरार हो गया।

अवैध खनन से भरे ओवरलोड वाहनों से हो रहे हादसे
कोसी नदी के घाटों से अवैध खनन धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रात दिन कोसी नदी व स्थानीय स्टोन क्रशरों से वाहनों में ओवरलोड खनन भरकर खुलेआम बेरोकटोक मार्गो पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं, जो हादसों का सबब बने हैं। क्षेत्र के गांव घोसीपुरा, पट्टी कला, बैलवाडा़, करीमपुर, मुकंदपुर, चौहद्दा, अजीतपुर आदि कोसी के घाटों पर अवैध खनन का धंधा चरम सीमा पर है। कोसी नदी व स्टोन क्रशरों से वाहनों मे ओवरलोड खनन भरकर मसवासी, रामपुर, बाजपुर, बिलासपुर, मुरादाबाद समेत तहसील मुख्यालय के सामने से खुलेआम मार्गों पर दौड़ रहे हैं।

हादसे के बाद पिकअप दो हिस्सों मे बटी
बजरी से भरे ट्रक व सवारियों से पिकअप भिडंत इतनी जबरदस्त थी कि दूर तक आवाज गूंज गई। पिकअप दो हिस्सों मे बंटकर मार्ग के किनारे नाले में जा गिरी। पिकअप में सवार घायलों को राहगीरों व पुलिस ने नाले मे भरे पानी से निकाला। गनीमत यह रही कि किसी की हादसे मे जान नहीं गई। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

संबंधित समाचार