संभल : कोरोना टीकाकरण में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से जिलाधिकारी नाराज
संभल, अमृत विचार। बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य समिति की दिसंबर माह की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों की भौतिक व वित्तीय समीक्षा की गई। जिसमें कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर जिला अधिकारी …
संभल, अमृत विचार। बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य समिति की दिसंबर माह की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों की भौतिक व वित्तीय समीक्षा की गई। जिसमें कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर जिला अधिकारी ने नाराजगी भी जताई।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में टीकाकरण को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमओ को निर्देश दिये। जिसमें उन्होंने कहा कि टीकाकरण का कार्य के परिणाम को देखते हुए साफ लापरवाही दिखाई दे रही है। अब ऐसा नहीं चलेगा कोरोना का टीकाकरण शत प्रतिशत कराना है। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुए पंचायत सहायकों को कोविड टीकाकरण में सहयोग हेतु प्रयोग किया जाए। जो कर्मचारी कार्य नहीं कर रहे हैं तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नवीन स्थानांतरित चिकित्सा अधीक्षकों को नवीन तैनाती पर एक दिवस के अंदर कार्यभार ग्रहण करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया।आशाओं को मोबाइल वितरण को लेकर निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी दशा में 25 दिसम्बर तक आशाओं को मोबाइल वितरण शत-प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि टीकाकरण एवं विटामिन ए में आंगनबाड़ियों का सहयोग रहे। आयुष्मान गोल्डन कार्ड को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने में कमी आयी है जिससे जनपद के प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। कोविड के नए वैरिएंट ऑमिक्रोन को ध्यान में रखते हुए सभी ब्लॉकों द्वारा कोविड सैम्पलिंग बढ़ायी जाए। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी महोदय द्वारा कोविन पोर्टल पर कोविड वैक्सीनेशन की रिपोर्टिंग ठीक नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई गई ।
इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबन्धक श्री संजीव कुमार राठौर ने विभिन्न प्रकार का समीक्षात्मक डाटा प्रस्तुत किया जिससे आरसीएच पोर्टल, आरबीएसके, जननी सुरक्षा योजना, मातृ स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, बायो मेडिकल वेस्ट, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत आदि की विस्तार से समीक्षा की गई। योजनाओं में उपलब्धि कम होने पर डीएम ने चिकित्सा अधीक्षकों को सुधार के निर्देश दिए। जनपद के सभी अस्पतालों में प्रधानमंत्री मातृ सुरक्षा सप्ताह में प्रदर्शन सुधारने हेतु एवं एमडीआर ऑडिट हेतु हर माह एक बैठक का आयोजन जनपद स्तर पर कराये जाने के निर्देश जिलाधिकारी महोदय ने दिए।
मासिक समीक्षा बैठक में सीएमओ डॉ. अजय कुमार सक्सेना, एसीएमओ/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पंकज विश्नोई, श्री ज़ाहिद हुसैन डीपीआरओ, मंडलीय कार्यक्रम प्रबन्धक हुमैरा बिन सलमा, डीईआईसी प्रबन्धक मनु तेवतिया, जिला लेखा प्रबंधक शोभित चौहान, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. जया कौशल, अर्बन हेल्थ कोर्डिनेटर मुकेश चन्द्र शर्मा, डीपीसी अनुराग तिवारी, डीपीए एकांशु वशिष्ठ तथा सभी चिकित्सा अधीक्षक, बीपीएम व बीसीपीएम आदि उपस्थित रहे।
