बरेली: सैंपलों को पैरों से कुचलने में कई डाक्टरों की धड़कनें बढ़ीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 300 बेड कोविड हॉस्पिटल में कोरोना के हजारों जांच सैंपलों को पैरों से कुचलकर नष्ट करने के मामले में जिम्मेदारों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। जांच अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर डा. आरडी पांडेय ने जांच तेज करते हुए सोमवार को एडी हेल्थ डा. सुधीर गर्ग को अपने कार्यालय बुलाया और प्रकरण …

बरेली, अमृत विचार। 300 बेड कोविड हॉस्पिटल में कोरोना के हजारों जांच सैंपलों को पैरों से कुचलकर नष्ट करने के मामले में जिम्मेदारों की धड़कनें बढ़ती जा रही हैं। जांच अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर डा. आरडी पांडेय ने जांच तेज करते हुए सोमवार को एडी हेल्थ डा. सुधीर गर्ग को अपने कार्यालय बुलाया और प्रकरण के संबंध में उनके बयान दर्ज किए। इसके बाद अस्पताल में बतौर सीएमएस तैनात रहे पवन कपाही और हाल ही में सीएमएस के पद से हटाए गए डा. सतीश चंद्रा को भी कार्यालय बुलाया।

दोनों के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारी ने सीएमओ डा.बलवीर सिंह को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन व्यस्तता की वजह से वह बयान दर्ज कराने नहीं आ सके। मंगलवार को उन्होंने बयान दर्ज कराने आने की बात कही है। सैंपलों को नष्ट करने के मामले में जांच अधिकारी ने आम लोगों से भी सबूत देने के लिए कहा था। कई लोगों ने मौखिक रूप से कोरोना जांच सैंपल के संबंध में जानकारी उपलब्ध करायी है। इधर प्रकरण की जांच के बाद कई डाक्टरों को कार्रवाई होने का डर सताने लगा है।

डाक्टर कार्रवाई से बचने के लिए अभी से जुगत भिड़ाने में जुट गए हैं। प्रकरण की जांच दो से तीन दिन में पूरी होने के बाद जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी। सैंपल नष्ट करने के मामले में शासन भी गंभीर है। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच बैठाई। इसमें अस्पताल के कई कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए गए हैं।

जिसमें बताया गया है कि ये सैंपल पूर्व सीएमएस पवन कपाही के समय में जमा हुए थे। हजारों की संख्या में जमा सैंपलों की जांच क्यों नहीं हुई, इस सवाल का जवाब भी अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं। सतीश चंद्रा को नियमों के विपरीत जाकर सीएमएस बनाने के मामले में उच्चाधिकारियों पर भी आंच आ रही है।

सैंपल नष्ट करने के प्रकरण में तेजी से जांच की जा रही है। अभी सीएमओ के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। सीएमओ के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। -डा. आरडी पांडेय, अपर जिलाधिकारी नगर

संबंधित समाचार