रामपुर : बिजली विभाग का कारनामा, बिना कनेक्शन भेजा 3.50 लाख का बिल
रामपुर, अमृत विचार। समोदिया की सहकारी समिति पर न तो बिजली की लाइन है और न ही मीटर लगा है। बावजूद इसके बिजली विभाग ने साढ़े तीन लाख रुपये का बिल भेज दिया। बिल देखकर समिति कर्मचारियों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की …
रामपुर, अमृत विचार। समोदिया की सहकारी समिति पर न तो बिजली की लाइन है और न ही मीटर लगा है। बावजूद इसके बिजली विभाग ने साढ़े तीन लाख रुपये का बिल भेज दिया। बिल देखकर समिति कर्मचारियों के होश उड़ गए। उन्होंने मामले की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की है।
यह कारनामा बिजली विभाग के लिए कोई नया नहीं है। दो साल पहले स्वार क्षेत्र के ही गांव इमरतपुर में बिजली विभाग ने 12 साल से बंद पड़े घर में चेकिंग कर रिपोर्ट दर्ज करा दी। जबकि घर में न तो कोई बिजली के तार ही थे। न ही लाइन घर तक जा रही थी। ऐसा ही मामला स्वार क्षेत्र के गांव समोदिया का है। यहां पर किसान सेवा सहकारी समिति है। समिति पर न तो बिजली का कनेक्शन है और न ही तार लगा है। बावजूद इसके बिजली विभाग ने साढ़े तीन लाख रुपये का बिल भेज दिया। इतना भारी भरकम बिल देख कर समिति के कर्मचारियों के होश उड़ गए।
बिल को देखकर वह दौड़े-दौड़े बिजली घर पहुंचे। जहां पर उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की। समिति के सचिव तोता राम का कहना है कि उन्होंने कनेक्शन के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन आज तक न तो विभाग ने लाइन खींचने की जहमत उठाई और न ही मीटर लगाना मुनासिब समझा। बिना मीटर की रीडिंग लिए तीन लाख 50 हजार रुपये का बिल भेज दिया। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई है।
