लखनऊ: मुकेश सिंह हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, दोस्त ही निकले हत्यारे
लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज थाना अंतर्गत गोपालखेड़ा में गत दिनों हुए प्रापर्टी डीलर मुकेश सिंह के हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच दिनों में ही सुलझा लिया है। मोहनलालगंज पुलिस ने दो हत्यारोपियों को मंगलवार को गोपालखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गये दोनों हत्यारोपी हीरा सिंह और …
लखनऊ। राजधानी के मोहनलालगंज थाना अंतर्गत गोपालखेड़ा में गत दिनों हुए प्रापर्टी डीलर मुकेश सिंह के हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच दिनों में ही सुलझा लिया है। मोहनलालगंज पुलिस ने दो हत्यारोपियों को मंगलवार को गोपालखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गये दोनों हत्यारोपी हीरा सिंह और अंकुर पाल गोपालखेड़ा के ही रहने वाले हैं। दोनों मुकेश के करीबी मित्र थे। दोनों के पास से हत्या में प्रयुक्त इंडिगो कार (यूपी32/एमई-242), गला दबाने में प्रयुक्त तार व मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
विदित हो कि गोपालखेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर मुकेश सिंह गत 16 दिसंबर को अपने घर से गायब हो गये थे। इस संबंध में परिजनों ने थाना में तहरीर दी थी। पर अगले दिन 17 दिसंबर को हरिकंश गढ़ी में आउटर रिंग रोड के किनारे मुकेश का शव बरामद हुआ। गला घोट कर हत्या की गई थी।
लगभग 20-25 लाख रुपये का हेर-फेर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश, हीरा और अंकुर आपस में दोस्त व बिजनेस पार्टनर थे। तीनों ने एक साथ कई जगहों पर प्रापर्टी ले रखी थी। पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर हीरा व अंकुर का मुकेश से मनमुटाव चल रहा था। आधिकारिक तौर पर तो दोनों हत्यारोपियों ने करीब 4 लाख 25 हजार रुपये मुकेश पर बकाया होने की बात बताई है, पर जांच में पता चला है कि मुकेश और उसके दोनों दोस्तों के बीच करीब 20-25 लाख रुपये का लेन-देन का विवाद था।
प्रापर्टी डीलर मुकेश के दोनों हत्यारोपियों को गोपालखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग से गिरफ्तार किया गया है। हत्या में प्रयुक्त कार, गला दबाने का तार, मोबाइल आदि बरामद हुए है। दोनों हत्यारे मृतक के करीबी दोस्त व बिजनेस पार्टनर थे। पैसों के लेन-देन को लेकर हत्या की गई है…राजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त, लखनऊ दक्षिणी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच का युवक स्मैक के साथ नेपाल में गिरफ्तार, डेढ़ करोड़ रुपए की स्मैक भी बरामद
