बरेली: अवैध निर्माण न तोड़ने पर निशाने पर आया बीडीए का अभियंता
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर में पशुपतिनाथ मंदिर रोड पर एक अवैध निर्माण के मामले में कार्रवाई न होने पर उत्तरप्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष से मिलकर नाराजगी जताई। उन्होंने एक अभियंता पर अवैध निर्माणकर्ता को संरक्षण देने का आरोप लगाया। बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि मामले में निर्माणकर्ता …
बरेली, अमृत विचार। जगतपुर में पशुपतिनाथ मंदिर रोड पर एक अवैध निर्माण के मामले में कार्रवाई न होने पर उत्तरप्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल महानगर इकाई के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष से मिलकर नाराजगी जताई। उन्होंने एक अभियंता पर अवैध निर्माणकर्ता को संरक्षण देने का आरोप लगाया। बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि मामले में निर्माणकर्ता को नोटिस जारी किया जा चुका है। जल्द ही उसके खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तमाम पदाधिकारी मंगलवार को प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बीडीए उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह के समक्ष मामला उठाया कि जगतपुर चौकी के पास पशुपति नाथ मंदिर रोड पर एक बिल्डर अवैध निर्माण कर रहा है। प्राधिकरण के एक इंजीनियर की साठगांठ से इस मामले को दबाया जा रहा है। गुपचुप तरीके से अनाधिकृत निर्माण करने का सिलसिला जारी है। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना, दिनेश कुमार, विजय कुमार आदि ने बीडीए उपाध्यक्ष से मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बिल्डर को नोटिस जारी किया जा चुका है। निर्माणकर्ता ने खुद निर्माण नहीं तोड़ा तो बीडीए की ओर से जल्द ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर राजकुमार राजपूत, पोपेंद्र सिंह बख्शी, मनोज अरोरा, अमरजीत सिंह बख्शी, दानिश जमाल, राजीव ऐरन, जफर बेग आदि मौजूद रहे।
