बाराबंकी: संदिग्ध हालातों में भाजपा मंडल अध्यक्ष की पत्नी की मौत, हत्या का मामला दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी। जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की पत्नी की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग जब उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो वह पहले से ही मृत थी। विवाहिता के मायके वालों ने पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी आदि पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट …

बाराबंकी। जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की पत्नी की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग जब उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे तो वह पहले से ही मृत थी। विवाहिता के मायके वालों ने पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी आदि पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

वहीं, घटना मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम करपिया की है। सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम बदली का पुरवा मजरे मौथरी निवासी प्रदीप कुमार पुत्र स्वर्गीय बेचेलाल की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार उन्होंने अपनी पुत्री शिवानी (20) का विवाह नवंबर 2020 में करपिया निवासी शिव कुमार वर्मा के पुत्र विनीत कुमार वर्मा के साथ किया था। विनीत कुमार मसौली का भाजपा मंडल अध्यक्ष है। जबकि उसके ससुर भी भाजपा के नेता बताए जाते हैं। पिता की ओर से कहा गया है कि शादी में करीब 15 लाख का दहेज दिया गया था। इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपए की मांग कर रहे थे।

पिता ने आरोप लगाया कि इसको लेकर उसकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था। पति विनोद वर्मा के साथ ससुर सास जेठ जेठानी तथा ननद गीता वर्मा व उषा वर्मा की ओर से लगातार शिवानी को प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार की रात करीब 9 बजकर 25 मिनट पर शिवानी के जेठ आशीष ने मायके वालों को फोन करके बताया कि शिवानी अत्याधिक बीमार है। परिजनों के अनुसार जब वह सब जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी पुत्री पहले से ही मृत अवस्था में आई थी।

पढ़ें: हरदोई: छात्र की पिटाई कर बनाया बंधक, तहरीर मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल में शव को छोड़कर ससुराल यह कह कर भाग गए कि इलाज के लिए पैसा देने जा रहे हैं। परिजनों ने जिला अस्पताल में रोना बिलखना शुरू कर दिया तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। पिता की तहरीर पर सभी ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मसौली के एसएचओ ने बताया कि आगे की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। शादी के केवल एक साल बाद पुत्री की मौत से पूरा परिवार आहत है।

संबंधित समाचार