मुरादाबाद : 50 हजार की आर्थिक सहायता के लिए 28 तक करें आवेदन
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोविड संक्रमण से मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को सरकार 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इसके लिए 28 दिसंबर तक जिलाधिकारी कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आवेदन प्राप्ति सेल या अपने तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालय या क्षेत्रीय लेखपाल के पास आवेदन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कोविड संक्रमण से मृत व्यक्ति के निकटतम परिजन को सरकार 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। इसके लिए 28 दिसंबर तक जिलाधिकारी कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आवेदन प्राप्ति सेल या अपने तहसील के उप जिलाधिकारी कार्यालय या क्षेत्रीय लेखपाल के पास आवेदन जमा करना है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व युगराज सिंह ने बताया कि 50 हजार रुपये की सहायता पाने के लिए आवेदन पत्र के साथ निकटतम परिजन की पासपोर्ट साइज फोटो, आरटीपीसीआर, एंटीजन, सीटी स्कैन की छायाप्रति जिससे कोविड 19 प्रमाणित हुआ हो। मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और आश्रित की बैंक पासबुक की छायाप्रति लगानी होगी।
इसके लिए आवेदन पत्र जिलाधिकारी कार्यालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9454416867, 9454416893 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यह आर्थिक सहायता पूर्व में दी गई पंचायती राज विभाग के द्वारा पंचायत निर्वाचन के दौरान कोविड-19 के संक्रमण से मृत कर्मचारियों के परिजनों को दी गई 30 लाख की अनुग्रह सहायता, राजस्व विभाग के फ्रंट लाइन वर्कर्स की मृत्यु की दशा में दी गई 50 लाख और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत हेल्थ वर्कर्स को देय धनराशि के अतिरिक्त है।
