मुरादाबाद : लॉकडाउन बना पुलिस का मददगार, पिछले दो सालों की अपेक्षा इस साल चोरी, हत्या और लूट की वारदातों में आई कमी
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना के कारण इस वर्ष लॉकडाउन पुलिस के लिए काफी मददगार साबित हुआ। अपराध पर अंकुश कसने के साथ ही अपराधियों की धरपकड़ में जुटी रही पुलिस को इस वर्ष के आंकड़े राहत दे रहे हैं। वर्ष 2021 में चोरी-लूट और हत्या की वारदातों में पिछले दो सालों की अपेक्षा कमी आई है। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना के कारण इस वर्ष लॉकडाउन पुलिस के लिए काफी मददगार साबित हुआ। अपराध पर अंकुश कसने के साथ ही अपराधियों की धरपकड़ में जुटी रही पुलिस को इस वर्ष के आंकड़े राहत दे रहे हैं। वर्ष 2021 में चोरी-लूट और हत्या की वारदातों में पिछले दो सालों की अपेक्षा कमी आई है। जबकि महिला अपराध के आंकड़े भी सुकून भरे हैं। वहीं इस वर्ष पुलिस ने फरार चल रहे अपराधियों पर भी शिकंजा कसा। पुलिस ने जिले के पांच आरोपियों की करीब साढ़े पांच करोड़ की चल-अचल संपत्ति जब्त की गई।
मुरादाबाद जिला गोकशी के साथ ही नकली नोट, अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त का गढ़ बन चुका है। हर साल गोकशी में करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। जहरीला धुआं देने वाले ई कचरा का अवैध कारोबार सबसे अधिक मुरादाबाद में ही होता है। पीतल की सिल्लियां गलाने के बहाने अवैध रूप से ई कचरे की भट्टियां धधक रही हैं। कई बार इन अवैध कारोबारियों के साथ पुलिस की मिलीभगत भी सामने आ चुकी है।
साढ़े पांच कराेड़ रुपये की संपत्ति जब्त की
अपराध पर अंकुश करने में जुटी पुलिस के लिए इस वर्ष के आंकड़े राहत भरे हैं। यह आलम तब है जब पंचायत चुनाव भी हुए। शरारती तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने के साथ ही गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी। लिहाजा अपराध पर काफी हद तक शिकंजा कस गया। चुनाव परिणाम आने के बाद कोरोना के कारण लगा लाकडाउन पुलिस के लिए काफी सहायक हो गया। डिलारी, भगतपुर और गलशहीद पुलिस ने वांछित चल रहे पांच अपराधियों की करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति जब्त भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। चक्रवार पुलिस की गश्त कराई जा रही है। वहीं फरार अपराधियों की संपत्ति भी जब्त की जा रही है।
तीन साल के तुलनात्मक आंकड़े
वारदात- 2021, 2020, 2019
लूट -17, 32, 26
हत्या- 45, 63, 44
बलवा -40, 47, 53
नकबजनी -76, 86, 96
अपहरण -0, 1, 0
महिला उत्पीड़न के आंकड़े
वारदात -2021, 2020, 2019
हत्या -10, 16, 12
अपहरण- 113, 123, 152
दुराचार- 40, 84, 81
दहेज हत्या- 27, 27, 26
