मुरादाबाद : 80 दिन बाद जिले में कोरोना के दो नये मरीज मिले, हड़कंप
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में चार अक्टूबर के बाद गुरुवार को कोरोना के दो नये मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। कोरोना मुक्त जिले में लंबे समय बाद आए दो नये केस से चिकित्साधिकारी चौकन्ने हो गए। उन्होंने कोविड जांच और एहतियात बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। वहीं दूसरी ओर रामपुर से आई बारात …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में चार अक्टूबर के बाद गुरुवार को कोरोना के दो नये मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। कोरोना मुक्त जिले में लंबे समय बाद आए दो नये केस से चिकित्साधिकारी चौकन्ने हो गए। उन्होंने कोविड जांच और एहतियात बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। वहीं दूसरी ओर रामपुर से आई बारात में कोरोना पॉजिटिव बाराती के शामिल होने में लड़की पक्ष के सभी लोग जांच में निगेटिव आए हैं।
शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली 37 वर्षीय महिला टीएमयू में प्रशासनिक ब्लॉक में कार्य करती हैं। उन्हें सर्दी जुकाम हुआ, कई दिन बाद ठीक न होने पर उन्होंने एक निजी पैथोलॉजी में कोविड जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकलीं। इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को पोर्टल पर केस दर्ज होने पर मिली। इसके बाद विभाग की टीम ने उनसे संपर्क कर होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी।
वहीं दूसरा 23 वर्षीय मरीज भी शहर का ही रहने वाला है। फिलहाल वह दिल्ली में रह रहे हैं। उनके एक रिश्तेदार के कोविड पॉजिटिव निकलने पर जब उन्होंने एक निजी पैथोलॉजी में जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। पोर्टल से जानकारी लेकर स्वास्थ्य टीम ने संपर्क साधा। उन्हें भी होम आइसोलेशन में रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
आईडीएसपी के जिला डेटा मैनेजर अंकित शर्मा के अनुसार दोनों की कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं हैं। फिलहाल दोनों ठीक हैं और होम आइसोलेशन में हैं। इन दोनों से पहले चार अक्टूबर को एक 64 वर्षीय महिला जो मिलन विहार की रहने वाली थीं जांच में कोविड पॉजिटिव निकलीं थीं। उनके ठीक होने के बाद से जिला कोरोना मुक्त था। लेकिन, अब इन दो नये कोविड पॉजिटिव केस से सक्रिय केस की संख्या दो हो गई। इसके पहले पांच सितंबर को कोविड पॉजिटिव मरीज मिला था।
