संभल : डंपर ने स्कूटी सवार मदरसा शिक्षिका को रौंदा, मौके पर मौत
संभल, अमृत विचार। स्कूटी सवार महिला को रायसत्ती बाईपास के निकट मिट्टी से भरे डंपर ने गुरुवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर एकत्र भीड़ ने महिला के मोबाइल से ही परिजनों और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने …
संभल, अमृत विचार। स्कूटी सवार महिला को रायसत्ती बाईपास के निकट मिट्टी से भरे डंपर ने गुरुवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर एकत्र भीड़ ने महिला के मोबाइल से ही परिजनों और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नखासा क्षेत्र के मोहल्ला रायसत्ती शहवाजपुरा निवासी यासमीन पुत्री शमीम स्कूटी से बचपन की सहेली जैनब के साथ थाना क्षेत्र के गांव नहारठेर में स्थित मदरसा इमाम अहमद रजा में पढ़ाने जाती थी। गुरुवार को वह सहेली को घर छोड़कर स्कूटी से मदरसे में पढ़ाने के लिए चली गई। शिक्षिका स्कूटी से जैसे ही रायसत्ती बाईपास के निकट पहुंची तो पीछे से मिट्टी लेकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही स्कूटी सड़क किनारे गिर गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। भीड़ में से किसी ने महिला के फिंगर का प्रिंट लेकर मोबाइल का लॉक खोला। डायल किए गए नंबरों में से परिजनों और सहेली को एक्सीडेंट में उसकी मौत होने की सूचना दी। मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। महिला की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
