बरेली: करोड़ों के जेवरात खरीदकर ठगी मामले में आठ पर रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। सर्राफा व्यापारियों से करोड़ों की कीमत के जेवरात खरीदकर रकम हड़प करने वाले आठ लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सूर्या एन्क्लेव निवासी सर्राफा व्यापारी की पत्नी और उसके ससुरालवालों ने करीब तीन साल पहले आलमगिरीगंज के आधा दर्जन से भी ज्यादा सर्राफा व्यापारियों समेत दूसरे शहर के …
बरेली, अमृत विचार। सर्राफा व्यापारियों से करोड़ों की कीमत के जेवरात खरीदकर रकम हड़प करने वाले आठ लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सूर्या एन्क्लेव निवासी सर्राफा व्यापारी की पत्नी और उसके ससुरालवालों ने करीब तीन साल पहले आलमगिरीगंज के आधा दर्जन से भी ज्यादा सर्राफा व्यापारियों समेत दूसरे शहर के सर्राफा कारोबारियों से करोड़ों के जेवरात खरीदे थे। इसके बाद न ही रकम दी और न ही जेवरात वापस किए।
आलमगिरिगंज निवासी शिल्पी अग्रवाल सर्राफा बाजार में परिधि डिजाइनर ज्वैलरी शॉप की संचालक हैं। 3 दिसंबर को शिल्पी अग्रवाल ने कोतवाली थाने में तहरीर देते हुए सूर्या एन्क्लेव निवासी सर्राफ बृजेश चंद्रा व उनकी पत्नी ललिता चंद्रा समेत छह अन्य लोगों पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि ललिता चंद्रा साल 2018 में उनकी दुकान पर आर्टिफिशियल ज्वैलरी खरीदने पहुंची थी। जान पहचान बढ़ने के बाद ललिता चंद्रा ने आर्टीफिशियल के साथ सोने-चांदी के जेवरातों की भी खरीद शुरू कर दी थी।
ललिता चंद्रा ने अपने पूरे परिवार की मुलाकात शिल्पी व उनके पति से कराते हुए सर्राफा कारोबार करने की इच्छा जताई। इसके बाद से ही सभी आरोपियों ने शिल्पी व उनके पति की दुकान से जेवरातों की खरीद शुरू कर दी। आरोपियों ने 32 लाख 15 हजार रुपये के जेवरात उधार ले लिए। लाखों की उधारी होने के बाद आरोपियों ने दुकान पर आना-जाना तो छोड़ा ही साथ ही बोलचाल भी बंद कर दी। सर्राफा व्यापारी ने जब आरोपियों पर जेवरात या उसकी रकम दने का दबाव बनाया तो 1 नवंबर को 14 लाख रुपये के चेक आरोपियों ने सर्राफ को सौंप दिए।
बैंक पहुंचने पर पता चला कि चेक का खाता पहले ही बंद हो चुका है। सर्राफ व्यापारी सागर व उनकी पत्नी शिल्पी ने ठगी का शक होने पर व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर रुपये मांगने का कदम उठाया। व्यापारी दंपत्ति जब आरोपियों की दुकान धन लक्ष्मी ज्वैर्लस पर पहुंचे तो पता चला कि कई सर्राफ पहले से उनका शिकार बन चुके हैं और वह सब भी वहां अपना रुपया वापस लेने के लिए पहुंचे हुए थे। करोड़ों की जालसाजी की शिकायत लेकर सर्राफा दंपत्ति कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत की।
वहीं जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले में ब्रिजेश चंद्रा, ललिता चंद्रा, हरीश चंद्र, गुड्डी, रमेश, बबिता, जीके नागर व आरुश सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
