मुरादाबाद : दबंगों ने जोत डाली वन विभाग की जमीन, झाड़ियों में लगाई आग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। कोतवाली के गांव गझेड़ा आलम के जंगल में वन विभाग की 29 हेक्टेअर भूमि को कब्जाने की नीयत से दबंगों ने शुक्रवार को ट्रैक्टर से जोत डाला। इस दौरान उन्होंने वहां खड़ी झाड़ियों में आग भी लगा दी। पता चलने पर तमाम ग्रामीण वहां पहुंच गए। गांववासियों व दबंगों के बीच काफी …

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। कोतवाली के गांव गझेड़ा आलम के जंगल में वन विभाग की 29 हेक्टेअर भूमि को कब्जाने की नीयत से दबंगों ने शुक्रवार को ट्रैक्टर से जोत डाला। इस दौरान उन्होंने वहां खड़ी झाड़ियों में आग भी लगा दी। पता चलने पर तमाम ग्रामीण वहां पहुंच गए। गांववासियों व दबंगों के बीच काफी नोकझोंक हुई। आखिरकार आरोपियों को ट्रैक्टर लेकर वहां से भागना पड़ा। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। विभाग की ओर से आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी गई है।

वन विभाग के दरोगा कपिलदेव और आनंद प्रकाश उपाध्याय के अनुसार गझेड़ा आलम के जंगल में विभाग की 29 हेक्टेअर भूमि है। इसमें से कुछ भूमि पर वन विभाग ने पौधारोपण कर रखा है। शेष 18 हेक्टेअर भूमि पर पौधारोपण किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि विभाग की इस भूमि पर कब्जा करने के लिए थाना भगतपुर के गांव आलीगंज निवासी तीन लोग शनिवार को ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। उन्होंने पहले कुछ भूमि पर कब्जा करने की नीयत से उसकी जुताई की। उसके बाद शेष भूमि पर खड़ी झाड़ियों और छोटे पेड़ों में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देखकर ग्रामीण वहां आ गए।

उन्होंने आरोपियों से इसका कारण पूछा तथा ऐसा करने का विरोध किया। दोनों पक्षों में इसको लेकर काफी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों के तेवर देख कर अंत में दबंगों को ट्रैक्टर लेकर वहां से भागना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार आग लगने से झाड़ियों में रहने वाले पक्षियों और अन्य जंतुओं की मौत भी हो गई। सूचना पर वन विभाग की टीम वहां पहुंची और निरीक्षण किया। उसके बाद विभागीय अधिकारियों की सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा जांच की। वन दरोगा कपिलदेव ने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार