मुरादाबाद : ट्रेन में चोरी करते पकड़ा गया रेलवे का गार्ड
मुरादाबाद, अमृत विचार। अमृतसर से हावड़ा जा रही मेल एक्सप्रेस में रेलवे का एक गार्ड यात्री की नकदी व सामान चोरी करते हुए पकड़ा गया। ट्रेन में ड्यूटी कर रहे मुख्य टिकट निरीक्षक ने यात्रियों की मदद से आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। ट्रेन संख्या 13006 अमृतसर से हावड़ा जा रही थी। ट्रेन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। अमृतसर से हावड़ा जा रही मेल एक्सप्रेस में रेलवे का एक गार्ड यात्री की नकदी व सामान चोरी करते हुए पकड़ा गया। ट्रेन में ड्यूटी कर रहे मुख्य टिकट निरीक्षक ने यात्रियों की मदद से आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया।

ट्रेन संख्या 13006 अमृतसर से हावड़ा जा रही थी। ट्रेन के कोच संख्या ए-1, बी-4 व बी-5 में मुख्य टिकट निरीक्षक रामेंद्र सिंह की ड्यूटी थी। इस बीच कोच बी-5 में खुद को रेलवे का गार्ड बताते हुए युवक आया और मुख्य टिकट निरीक्षक रामेंद्र सिंह से सीट मांगने लगा। मुख्य टिकट निरीक्षक ने युवक से सीट न होने पर दूसरे कोच में जाने को कहा।
थोड़ी ही देर में एक महिला यात्री ने रेलवे गार्ड पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच ट्रेन नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर रुक गई तो रेलवे गार्ड भागने लगा। तभी मुख्य टिकट निरीक्षक ने अन्य यात्रियों की मदद से चोरी करके भाग रहे रेलवे गार्ड को पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी के पास से महिला यात्री की दस हजार की नकदी व कानों के कुंडल भी बरामद हो गए।
जिसे महिला यात्री को दे दिया। पुलिस के आने से पहले ट्रेन चल दी। ट्रेन जब धामपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो मुख्य टिकट निरीक्षक ने आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सतेंद्र सिंह पुत्र जयपाल निवासी गांव किशनपुर थाना छजलैट मुरादाबाद बताया।
आरोपी के पास रेलवे का आई कार्ड भी मिला। यात्री की तहरीर पर धामपुर जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दी। मुरादाबाद पहुंचने पर मुख्य टिकट निरीक्षक रामेंद्र सिंह ने आरोपी रेलवे गार्ड सतेंद्र सिंह के खिलाफ डीआरएम को रिपोर्ट पेश की।
