मुरादाबाद : लव जेहाद पीड़िता से पुलिसकर्मी ने क‍िया दुष्‍कर्म, जांच के बहाने बढ़ाईं नजदीक‍ियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। लव जेहाद की शिकार निजी अस्पताल की नर्स के साथ क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई (रीजनल इंटेलिजेंस) के सिपाही ने पिस्टल के बल पर दुष्कर्म किया। आरोपी सिपाही के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डिलारी थानाक्षेत्र निवासी युवती …

मुरादाबाद,अमृत विचार। लव जेहाद की शिकार निजी अस्पताल की नर्स के साथ क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई (रीजनल इंटेलिजेंस) के सिपाही ने पिस्टल के बल पर दुष्कर्म किया। आरोपी सिपाही के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

डिलारी थानाक्षेत्र निवासी युवती शहर के एक निजी अस्पताल में नर्स की नौकरी करती है। वर्ष 2019 में फैजान नामक युवक ने ईशान चौधरी बनकर उससे दोस्ती कर ली। इसके बाद दोनों रिलेशिनशिप में रहने लगे। बाद में युवती को फैजान की असलियत का पता चला तो उसने डिलारी थाने में उसके खिलाफ लव जिहाद की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने फैजान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी केस के सिलसिले में इंटेलिजेंस में तैनात सिपाही राघवेंद्र सिंह ने नर्स के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र स्थित आवास पर आना-जाना शुरू कर दिया था। मूल रूप से बरेली जनपद के सुभाष नगर थानाक्षेत्र के गंगा नगर बग्गा कालोनी निवासी सिपाही राघवेंद्र सिंह जांच के बहाने रोज ही उसके आवास पर आ धमकता था। उस समय राघवेंद्र ठाकुरद्वारा में तैनात था।

पीड़िता के अनुसार 22 दिसंबर 2019 की रात करीब 10 बजे राघवेंद्र सिविल लाइंस थानाक्षेत्र स्थित उसके घर आया और पिस्टल के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस की वर्दी और पिस्टल के डर से वह शोर भी नहीं मचा सकी। सिपाही पूरी रात उसके घर ही रहा और कई बार दुष्कर्म किया। सुबह जाते समय उस कहा कि परेशान मत हो मैं अविवाहित हूं तुझसे शादी कर लूंगा।

एक साल तक सिपाही ने पत्नी की तरह रखा
– पीड़िता ने बताया कि इसके बाद तो सिपाही जब मन होता उसके घर आ जाता था। उसने आश्वासन दिया कि फैजान वाला केस निपटने के बाद वह शादी कर लेगा। कई बार उसे घुमाने भी ले गया। 25 सितंबर को अपने आफिस में उपस्थिति दर्ज कराकर अपनी कार से उसे मसूरी लेकर गया और रात को वहीं रुका। लौटते समय एक रात ऋषिकेश में भी रुके। इस दौरान उसे विश्वास हो गया कि राघवेंद्र उससे शादी कर लेगा। वह नर्स के साथ उसे पैतृक गांव भी गया और परिजनों से उसका हाथ भी मांगा। राघवेंद्र ने उसे करीब एक साल तक पत्नी की तरह रखा।

परिचय पत्र पर पत्नी का नाम देख खुली पोल
नर्स को राघवेंद्र की असलियत का पता तब चला जब अक्टूबर माह में उसने मिलिट्री कैंटीन से कुछ सामान खरीदने के लिए उसका आईकार्ड लिया था। उसमें पत्नी की जगह ऋचा चौहान का नाम लिखा था। इस बारे में पूछने पर राघवेंद्र बहाने बनाने लगा। उसने अपने स्तर से पता किया तो जानकारी मिली की राघवेंद्र शादीशुदा है। ऋचा चौहान उसकी पत्नी है। उसका पांच साल का एक बेटा भी है। जबकि वह नर्स के साथ खुद को कुंवारा बताकर एक साल से पति की तरह रह रहा था।

पीड़िता ने एसपी इंटेलिजेंस से भी की थी राघवेंद्र की शिकायत
सिपाही की शिकायत करने के लिए पीड़िता 20 दिसंबर को एसपी इंटेलिजेंस से भी मिली थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब वह एसएसपी कार्यालय गई। वहां एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने उसकी शिकायत सुनी। पीड़िता ने उनसे आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी। तब उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था।

पांच दिन पूर्व ही हुआ था बलिया तबादला
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस आरपी सिंह ने बताया कि आरोपी सिपाही राघवेंद्र सिंह फिलहाल बलिया पुलिस लाइन में तैनात है। उसका पांच दिन पूर्व ही बलिया तबादला हुआ है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार