बरेली के हाफिजगंज में बड़ा हादसा: पीलीभीत रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे, रास्ते में ट्रक से भिड़ी कार, दो बच्चियों की मौत, चार गंभीर घायल
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। बरेली से पीलीभीत की ओर से आ रही एक चार पहिया गाड़ी में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक में फंसकर करीब 6 मीटर तक खिंचती हुई गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों …
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। बरेली से पीलीभीत की ओर से आ रही एक चार पहिया गाड़ी में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक में फंसकर करीब 6 मीटर तक खिंचती हुई गई। हादसे में दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि मृतक दोनों बच्चियों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाड़ी में सवार था, साले बहनोई का परिवार
दरअसल, मूल रुप से रामपुर के रहने वाले जावेद अपने पत्नी सिल्मा के साथ बरेली के गढ़ी कुहिया में रहने वाले अपने साले ताजुद्दीन के घर पर आए थे। यहां से जावेद और ताजुद्दीन की फैमिली उनकी गाड़ी में सवार होकर पीलीभीत में रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।
इसी बीच हाफिजगंज पार करने के बाद नवाबगंज की ओर जाने पर उनकी गाड़ी में सामने से रांग साइड आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर की थी कि ट्रक करीब 6 मीटर तक गाड़ी को घसीटते हुए अपने साथ ले गया। हादसे में ताजुद्दीन की दो बेटियों की मौत हो गई। बाकी चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।
गाड़ी में सवार थे सात लोग, जिसमें तीन बच्चे थे
पुलिस के मुताबिक जावेद की डीएल 8डीसी 4036 नंबर की आई-20 कार थी। कार में जावेद, उनकी पत्नी सिल्मा, साला ताजुद्दीन, उनकी पत्नी रुसना और ताजुद्दीन के तीन बच्चे बैठे थे। जिसमें से ताजुद्दीन के दो बेटियां सामिया (11) और हिफजा (9) की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक चालक पीछे भी कर चुका था एक्सीडेंट
बताया जा रहा है कि जिस ट्रक से कार की टक्कर हुई वह नवाबगंज में भी एक ई-रिक्शा में टक्कर मारकर भागा था। जिसमें करीब 3-4 लोग घायल हुए थे। नबावगंज के लोग उस ट्रक चालक का पीछा कर रहे थे। इसी वजह से उसने तेज रफ्तार में ट्रक को रांग साइड पर कर दिया। जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया है। पुलिस उसकी जांच पड़ताल में जुटी है।
ये भी पढ़े-
बरेली में क्रिसमस: समाज की भलाई के लिए की विशेष प्रर्थाना, यीशु के जन्मदिन पर जमकर मनाई खुशियां
