बरेली: चुनावी समीकरण जानने को बसपा समीक्षकों ने शुरू की दौड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते देख अब पार्टी के समीक्षकों ने दौड़ लगानी शुरू कर दी है। रविवार को नगीना के सांसद और पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड के प्रभारी यहां बूथ स्तर पर गठित पार्टी संगठन की स्थिति का जायजा लेते हुए संगठन की तैयारियों की जमीनी हकीकत को भी देखेंगे। संभावना …

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते देख अब पार्टी के समीक्षकों ने दौड़ लगानी शुरू कर दी है। रविवार को नगीना के सांसद और पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड के प्रभारी यहां बूथ स्तर पर गठित पार्टी संगठन की स्थिति का जायजा लेते हुए संगठन की तैयारियों की जमीनी हकीकत को भी देखेंगे।

संभावना है कि इस दौरान शहर व कैंट सहित दूसरी विधानसभा में उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हो सकती है। बता दें कि अब तक पार्टी ने शहर व कैंट के साथ ही सातों विधानसभा सीटों के लिए अब तक प्रत्याशियों को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पार्टी जातीय समीकरण की गणित पर काफी सोच-विचार करने के बाद ही कोई फैसला लेने के मूड में दिखाई दे रही है।

विधानसभा चुनावों की सरगर्मियां अब धीरे-धीरे बढ़ रही है। तमाम प्रमुख पार्टियों में चुनावी गतिविधियों के बढ़ने के साथ ही उम्मीदवारों के नामों पर तेजी से मंथन शुरू हो गया है। शहर व कैंट सहित जिले की अन्य विधानसभा सीटों को लेकर अंदरखाने बसपा में भी मंथन तेज हो गया है। हालांकि किसी प्रत्याशी पर दांव लगाने के पहले इस बार बसपा जातीय सहित दूसरे समीकरणों पर गहराई से समीक्षा कर रही है, इसलिए लिए पार्टी के समीक्षकों ने भी दौड़ लगानी शुरू कर दी है।

इसी सिलसिले में रविवार को पार्टी के प्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन और पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड के प्रभारी व नगीना (धामपुर) के सांसद गिरीश चंद्र यादव रविवार को पार्टी के पुराने सिपहसालारों व वरिष्ठ नेताओं और तमाम कार्यकर्ताओं के साथ ग्रास रूट तक पार्टी की तैयारियों और वोटरों के मूड को लेकर चर्चा करेंगे।

पार्टी नेताओं का कहना है कि ये समीक्षक दो चरण में पार्टी पदाधिकारियों से वार्ता करेंगे। इसमें पहले चरण में बदायूं जिले के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी तैयारियों की समीक्षा होगी। इसके बाद दूसरे चरण में बरेली जिले की सातों विधानसभाओं में पार्टी की दशा और दिशा पर मंथन करते हुए कई सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

पुराने उम्मीदवारों का साथ छोड़ने से बढ़ी चुनौती
पिछले विधानसभा चुनाव में कैंट सीट से व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता और शहर सीट से इंजीनियर अनीस को मैदान में उतारा गया था। अन्य विधानसभा के साथ ही ये दोनों सीट भी पार्टी के हाथ से फिसल गई थी। अब इंजीनियर अनीस सपा में चले गए हैं और राजेंद्र गुप्ता ने भी बसपा का दामन छोड़ दिया है। ऐसे में पार्टी के लिए अब इन दोनों सीटों के लिए मजबूत उम्मीदवारों को उतारना चुनौती बन गया है।

पार्टी की चुनावी तैयारियों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए मंथन के लिए पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी आ रहे हैं। वे बरेली के साथ बदायूं में भी पार्टी की चल रही गतिविधियों के साथ उम्मीदवारों को लेकर भी चर्चा करेंगे। -डॉ. जयपाल सिंह, जिलाध्यक्ष, बसपा

संबंधित समाचार