मुरादाबाद : सोनकपुर पुल निर्माण में पांच महीने की देरी से रेलवे की साख दांव पर, रेल प्रबंधन और निर्माण एजेंसी परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोनकपुर पुल निर्माण की सुस्त गति से अधिकारी और निर्माण एजेंसी की चिंता बढ़ गयी है। अभी सहारनपुर रूट की रेल लाइन पर पुल सही से नजर नहीं आ रहा है। जबकि प्रबंधन ने 15 जनवरी तक पुल से यातायात बहाल करने की घोषणा की है। यहां अभी खंभे के भूतल के आधार …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोनकपुर पुल निर्माण की सुस्त गति से अधिकारी और निर्माण एजेंसी की चिंता बढ़ गयी है। अभी सहारनपुर रूट की रेल लाइन पर पुल सही से नजर नहीं आ रहा है। जबकि प्रबंधन ने 15 जनवरी तक पुल से यातायात बहाल करने की घोषणा की है। यहां अभी खंभे के भूतल के आधार का निर्माण शुरू हुआ है। जबकि सोनकपुर दिशा की ओर चारों खंभे तैयार नहीं हो पाए हैं।

निर्माण कार्य से जुड़े लोग इस काम में चार से पांच महीने की देरी मान रहे हैं। ऐसे में रेल प्रबंधक के दावे की फिर किरकिरी होनी तय है। उधर, 27 दिसंबर को रेल महाप्रबंधक आशुतोष गंगल मुरादाबाद दौरे पर आ रहे हैं। इस वजह से निर्माण एजेंसी के जिम्मेदारों की चिंता बढ़ गई है। इस बात की पूरी संभावना है कि जीएम शहर के इस अति महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की प्रगति की चर्चा अवश्य करेंगे। रेल प्रबंधन ने 15 जनवरी तक यातायात शुरू करने का ऐलान किया था। रेलवे की डायरी बताती है कि सहारनपुर रूट पर 47.5 मीटर हिस्से का निर्माण होना है। सहारनपुर रूट पर अभी कुछ खंभे बनाए जा रहे हैं। कांठ रोड क्षेत्र के खंभे की बुनियाद तैयार की जा
रही है।

2016 में मिली पुल निर्माण को मंजूरी : वर्ष 2016 के इसी माह में इसे मंजूरी मिली थी। 112 मीटर लंबे पुल के निर्माण की जिम्मेदारी सेतु निगम और रेलवे की निर्माण इकाई को दी गयी। दो साल में निर्माण पूरा किया जाना था। लेकिन, अभी तक यह काम अधर में है। शुरू में इस कार्य के लिए 89 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास हुआ था। अब यह बढ़कर 116 करोड़ तक पहुंच गया है। सेतु निगम की ओर से 74 खंभे बनाए गए हैं। पुल के दोनों ओर एप्रोचिंग रोड बने हैं। एक ओर पुल सिरकोई भूड़ तथा दूसरी ओर भोला सिंह की मिलक उर्फ सोनकपुर गांव को जोड़ेगा। मुख्य पुल कांठ रोड से निकलकर नया मुरादाबाद के रास्ते दिल्ली रोड को जोड़ेगा।

निर्माण की लगातार समीक्षा की जा रही है। हम प्रयास कर रहे हैं कि निर्धारित समय पर एक हिस्से में संचालन शुरू हो जाए। दिल्ली रूट की रेल लाइन के ऊपर पुल के गर्डर रख दिए गए हैं। यह पुल दो अप्रोच पर आधारित है। सहारनपुर और दिल्ली रेल लाइन के बीच में पुल दोनों दिशा को जोड़ेगा। अगर किसी वजह से बाकी काम पूरा नहीं हो पाया तो एक हिस्से में पुल का यातायात बहाल कर दिया जाएगा। -एसएसए रिजवी सीनियर सेक्शन इंजीनियर

संबंधित समाचार