मुरादाबाद : भाजपा नेता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से कारोबारी पर बरसाईं गोलियां, गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। खुद को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बताने वाले कपड़ा कारोबारी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से पड़ोसी कपड़ा व्यापारी पर अंधाधुंध सात राउंड गोलियां बरसा दीं। हमले में कपड़ा व्यापारी बाल-बाल बच गए। गोलियों से उनकी बालकनी का कांच टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाजपा नेता को लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ …
मुरादाबाद, अमृत विचार। खुद को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष बताने वाले कपड़ा कारोबारी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से पड़ोसी कपड़ा व्यापारी पर अंधाधुंध सात राउंड गोलियां बरसा दीं। हमले में कपड़ा व्यापारी बाल-बाल बच गए। गोलियों से उनकी बालकनी का कांच टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भाजपा नेता को लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ दबोच लिया। कपड़ा व्यापारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के दीनदयाल नगर की है। यहां रहने वाले सचिन बरेजा कपड़ा कारोबारी हैं। उनकी गंज बाजार में दुकान है। उनके घर के पास में ही भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष केके धवन रहते हैं। केके धवन का भी कपड़ों का कारोबार है। उनकी मुख्य बाजार में धवन टैक्सटाइल्स के नाम से दुकान है। सचिन बरेजा ने बताया कि देर रात करीब साढ़े नौ बजे केके धवन के बेटे निखिल धवन ने उन्हें फोन करके बताया था कि उसके पिता उससे व अन्य परिवार वालों से मारपीट कर रहे हैं।
उन्होंने रिवाल्वर निकाल लिया है। निखिल की बात सुनकर वह बीच-बचाव करने के लिए उनके घर गए थे। सचिन के अनुसार उन्हें देखते ही केके धवन भड़क गए और अपने परिजनों को छोड़कर उन पर हमला कर दिया। धवन ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से उन पर अंधाधुंध गोलियां बरासनी शुरू कर दीं। धवन ने उन पर सात राउंड फायर किए। सचिन किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले। तब धवन ने अपनी बालकनी में आकर उन पर फायर किए। दो गोली धवन की ही कार में लगीं। जबकि दो गोलियां उनकी बालकनी के शीशे में लगीं।
सचिन बरेजा ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पॉश कालोनी में फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और केके धवन को घेरकर रिवाल्वर के साथ हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। सियासी दबाव के चलते पूरे दिन पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही। देर शाम सचिन बरेजा की तहरीर पर पुलिस ने केके धवन के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करके आरोपी का चालान कर दिया। पुलिस ने आरोपी का लाइसेंसी रिवाल्वर भी जब्त कर लिया है। इंस्पेक्टर आरपी सिंह ने बताया कि केके धवन का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई भी कराई जाएगी।
थाने में भी कारोबारी को जान से मारने की धमकी
पुलिस हिरासत में भी भाजपा नेता की सत्ता की खुमारी कम नहीं हुई। उसने पुलिस से कहा कि एक बार मेरा रिवाल्वर दे दो, मैं इसे यहीं गोली से उड़ा दूंगा। पुलिस के अनुसार केके धवन की हरकतों से उसके परिवार वाले भी परेशान हैं। वह खुद को आने भावी विधायक भी बताता है। इससे पहले भी उसने कुछ लोगों को डंडे से पीट दिया था।
