बरेली: उम्मीदवारी को लेकर बसपा के समीक्षकों ने ली टोह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को लेकर जहां दूसरी राजनीतिक पार्टियों ने संभावित उम्मीदारों को लेकर पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं, वहीं बसपा की इस बार खामोशी हलचल बढ़ा रही है। पार्टी उम्मीदवारों को लेकर पार्टी हाईकमान कुछ ज्यादा ही संजीदा है, इसलिए पार्टी के समीक्षकों को जिलों का दौरा कराकर पहले समीकरणों के …

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव को लेकर जहां दूसरी राजनीतिक पार्टियों ने संभावित उम्मीदारों को लेकर पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं, वहीं बसपा की इस बार खामोशी हलचल बढ़ा रही है। पार्टी उम्मीदवारों को लेकर पार्टी हाईकमान कुछ ज्यादा ही संजीदा है, इसलिए पार्टी के समीक्षकों को जिलों का दौरा कराकर पहले समीकरणों के साथ कार्यकर्ताओं की नब्ज को टटोला जा रहा है।

रविवार को नगीना सांसद के साथ प्रदेश प्रभारी ने इसी मुहिम के तहत पहले बदायूं और उसके बाद बरेली में पार्टी कार्यालय में पहुंचकर यहां वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के पुराने सिपहसालारों के वार्ता करने के साथ काफी देर तक पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ भी गहन मंथन दिया। पार्टी सूत्र बताते हैं कि हाईकमान तक पहुंचने वाली समीक्षकों की यही रिपोर्ट काफी हद तक पार्टी को चुनाव की दिशा देगी।

बसपा ने इस बार शहर व कैंट सहित बरेली की सभी नौ विधानसभा सीटों पर पार्टी के संभावित उम्मीदवारों को लेकर अब तक कोई हलचल नहीं दिखाई है। इसलिए दूसरे दलों में पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर खासी चर्चा है। इस बीच पार्टी की तैयारियों और कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी माहौल को भांपने सहित जीत के तमाम समीकरणों के साथ जिताऊ प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन शुरू हो गया है।

इसे लेकर रविवार को पार्टी के पश्चिमी उत्तरप्रदेश प्रभारी शमशुद्दीन और पश्चिमी यूपी व उत्तराखंड के प्रभारी व नगीना (धामपुर) के सांसद गिरीश चंद्र ने पार्टी के बड़े नेताओं और खास कार्यकर्ताओं के साथ गहन मंथन किया। पहले समीक्षकों ने बदायूं जिले की विधानसभाओं की तैयारियों को लेकर वार्ता की बाद में देर शाम बरेली पहुंचे समीक्षकों ने जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर कई बिंदुओं पर बातचीत की।

पार्टी सूत्र बताते हैं कि इस दौरान दावेदारों के नामों पर मंथन हुआ है और उसकी रिपोर्ट हाईकमान तक जल्द ही पहुंच जाएगी। इसके बाद ही उम्मीदवारी को लेकर पार्टी कोई फैसला लेगी। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में कैंट सीट से व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता और शहर सीट से इंजीनियर अनीस को मैदान में उतारा गया था।

अन्य विधानसभा के साथ ही ये दोनों सीट भी पार्टी के हाथ से फिसल गई थी। अब इंजीनियर अनीस सपा में चले गए हैं और राजेंद्र गुप्ता भी बसपा छोड़ चुके हैं। बैठक में राजेश सागर, नरेंद्र सागर, लक्ष्मीनारायण सागर, राजेश गौतम सहित तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार