बरेली: कच्ची उम्र का प्यार, कर दी हर हद पार…स्नैप चैट पर मिले और नाबालिग प्रेमिका को भगाकर मेरठ ले गया प्रेमी
बरेली, अमृत विचार। मेरठ के एक कारोबारी के बेटे की जान-पहचान इज्जतनगर के रेलवे कर्मचारी की नाबालिग बेटी से स्नैप चैट पर हो गई। कुछ ही दिनों की बातचीत के बाद दोनों में मोहब्बत का सिलसिला शुरू हो गया। तीन दिन पहले शादी करने के इरादे से युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को भगाकर मेरठ ले …
बरेली, अमृत विचार। मेरठ के एक कारोबारी के बेटे की जान-पहचान इज्जतनगर के रेलवे कर्मचारी की नाबालिग बेटी से स्नैप चैट पर हो गई। कुछ ही दिनों की बातचीत के बाद दोनों में मोहब्बत का सिलसिला शुरू हो गया। तीन दिन पहले शादी करने के इरादे से युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को भगाकर मेरठ ले गया जहां परिजनों को बिना बताए अलग कमरा लिया और प्रेमिका को वहां रखकर खुद नौकरी करके खर्च चलाने लगा। इधर, लड़की के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मेरठ में जाकर दोनों को बरामद कर थाने ले आए। जिसके बाद लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लड़का अभी पुलिस हिरासत में है। उसके परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक रेलवे कर्मचारी ने बताया कि मेरठ के कारोबारी का बेटा अभिषेक प्रजापती उर्फ जस्सी उनकी 13 वर्षीय छोटी बहन को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था। रेलवे कर्मचारी की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक व किशोरी की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही दिनों बाद पुलिस ने दोनों को मेरठ से बरामद कर रविवार को थाने ले आई जहां युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह मेरठ के एक रस्सी कारोबारी का बेटा व कक्षा 12 का छात्र है।
करीब आठ माह पहले उसके पास स्नैप चैट पर इज्जतनगर के रेलवे कर्मचारी की बहन की रिक्वेस्ट आई थी, जो कक्षा 10 की छात्रा है। कुछ समय तक स्नैप चैट पर बातचीत हुई। इसके बाद दोनों की मोबइल नंबर पर बातचीत शुरू हो गई। दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। अभिषेक ने अपनी मां को प्रेम-प्रसंग के बारे में बताया और शादी करने की इच्छा जताई लेकिन मां ने डांटते हुए मना कर दिया। उधर, प्रेमिका लगातार प्रेमी के साथ जाने की जिद कर रही थी।
इस पर युवक उसे भगाकर शुक्रवार को अपने साथ मेरठ ले गया। इसके बाद मेरठ के थानी इलाके में किराए पर कमरा लिया और घर के लिए करीब 7 हजार रुपये खर्च करके सामान भी खरीद लिया। इसके बाद नौकरी की तलाश में निकल गया। इलाके में ही संचालित कुछ फैक्ट्रियों में नौकरी तलाश की तो एक जगह डिब्लिंग मशीन चलाने का काम मिल गया।
लिव इन रिलेशनशिप की जिंदगी शुरू हुए दो ही दिन बीते थे कि इज्जतनगर पुलिस तलाश करते हुए वहां पहुंच गई और दोनों को थाने ले आई। यहां लाकर प्रेमिका को उसके परिजनों के हवाले कर दिया वहीं प्रेमी के परिजनों को सूचित कर दिया। हालांकि रविवार की देर शाम तक युवक के परिजन बरेली नहीं पहुंच पाए थे।
प्रेम की राह में दो बार रोड़ा बनी बाइक
पुलिस की पूछताछ में अभिषेक प्रजापति उर्फ जस्सी ने बताया कि प्रेमिका को लाने के लिए बुधवार को अपनी बाइक से बरेली के लिए रवाना हुआ लेकिन मुरादाबाद में उसकी बाइक खराब हो गई, जिसकी वजह से उसे वापस लौटना पड़ा। उधर, प्रेमिका परिजनों द्वारा लगातार परेशान किए जाने की बात कहते हुए अपने साथ ले जाने की बात कह रही थी। बाइक ठीक कराकर युवक ने एक और कोशिश की लेकिन इस बार भी रास्ते में किस्मत ने साथ नहीं दिया और पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सीज हो गई।
इसके बाद प्रेमी ने ट्रेन से आने का फैसला किया और शुक्रवार की सुबह करीब 4:30 बजे ट्रेन से बरेली पहुंचा। वहीं प्रेमिका से स्टेशन पर मुलाकात हुई और वहीं से वह उसे लेकर वापस अगली ट्रेन से रवाना हो गया और शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे मेरठ पहुंच गए।
प्यार करता हूं, भरोसा है मोहब्बत पर
बातचीत के दौरान युवक ने बताया कि वह छात्रा से प्यार करता है और वह भी। बताया कि शादी करने के लिए वह लड़की के बालिग होने का इंतजार कर रहे थे। लिव इन रिलेशनशिप में रहने के लिए वह घर से भागे थे। साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए प्रेमी-जोड़े ने यह फैसला लिया था। थाने में बैठे युवक ने बताया कि उसे अपने प्यार पर भरोसा है और उसकी प्रेमिका उसका इंतजार करेगी। बालिग होने के बाद दोनों परिजनों को मना कर सहमति से शादी करेंगे और एक साथ जिंदगी बिताएंगे।
युवक व किशोरी को ढ़ूंढकर वापस लाया जा चुका है। नाबालिग को परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। -संजय कुमार धीर, इंस्पेक्टर, इज्जतनगर
