मुरादाबाद : रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, एक की मौत
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के अनियंत्रित रोडवेज बस ने आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार मजदूर की मौत हो गई। जबकि रोडवेज बस में सवार एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के अनियंत्रित रोडवेज बस ने आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली सवार मजदूर की मौत हो गई। जबकि रोडवेज बस में सवार एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिलारी कोतवाली क्षेत्र के गांव डोहरी निवासी हरि सिंह मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी दुर्गा देवी के अलावा तीन बच्चे अजय, शिवानी और अनिकेत हैं। सोमवार सुबह हरि सिंह रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र के गांव घोसीपुरा निवासी सद्दाम की ट्रैक्टर-ट्राली में लकड़ी लादकर कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव ऊंचाकानी से रामपुर जा रहा था। तड़के करीब साढ़े चार बजे कटघर थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर गागन पुल पर पुराने टोल के पास पीछे से आ रही चंदौसी से हल्द्वानी जा रही रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर पर सवार मजदूर हरि सिंह नीचे गिर गया।
इस दौरान पहिए से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक सद्दाम मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रोडवेज बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार अकरान, उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा थानाक्षेत्र के गांव पचौरिया निवासी रेखा पत्नी नरेश सिंह, रामपुर के गंगापुर कैमरी निवासी देवेंद्र सिंह, फईम निवासी रामपुर पहाड़ी गेट, अनूप कुमार निवासी पचपेड़ा, बरखेड़ा पीलीभीत, अजुदी प्रसाद निवासी बलखेड़ा, खजुरिया रामपुर और यशपाल सिंह निवासी बहेड़ी बरेली घायल हो गए।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आसपास की सभी एंबुलेंस मौके पर बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि मृतक हरि सिंह के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
