बिजनौर : होटल में हिस्ट्रीशीटर की हत्या का आरोपी दोस्त गिरफ्तार
बिजनौर, अमृत विचार। नजीबाबाद के एक थ्री स्टार होटल में अफजलगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर बदमाश की हत्या के मामले में एएसपी नगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करते हुए घटना में शामिल कुरैशी बिरादरी के अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सोमवार को पुलिस …
बिजनौर, अमृत विचार। नजीबाबाद के एक थ्री स्टार होटल में अफजलगढ़ थाने के हिस्ट्रीशीटर बदमाश की हत्या के मामले में एएसपी नगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 24 घंटे के अंदर हत्या का खुलासा करते हुए घटना में शामिल कुरैशी बिरादरी के अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने बताया कि थाना अफजलगढ़ के मोहल्ला बेगम सराय निवासी हिस्ट्रीशीटर शाबाज झोजा (47) पुत्र यूसुफ हाल निवासी कल्याणपुरी नई दिल्ली का रक्त रंजित शव रविवार को थाना नजीबाबाद क्षेत्र थ्री स्टार कान्हा होटल के कमरा संख्या 105 से बरामद हुआ था।
मृतक के भाई इरफान की तहरीर पर पुलिस ने थाना नजीबाबाद में शकील लम्बू पुत्र नामालूम निवासी कस्बा शेरकोट में मुकदमा पंजीकृत कराया था। घटना की जानकारी होने पर एसपी डॉ धर्मवीर सिंह, एएसपी नगर डॉ प्रवीण रंजन सिंह घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने घटना में संलिप्त आरोपी दोस्त को शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी शकील लम्बू पुत्र वकील निवासी मोहल्ला नई सराय खौराड़ा थाना शेरकोट को स्थानीय रोडवेज बस स्टैण्ड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशादेही पर घटना में प्रयुक्त कैंची व होटल के कमरे की चाभी बरामद की है।
पूछताछ में जानकारी मिली कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना नेहरु नगर जनपद देहरादून उत्तराखण्ड में गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। इस मामले में शकील फरार चल रहा है और भगोड़ा घोषित है। पूछताछ में अभियुक्त शकील कुरैशी लम्बू ने बताया कि उसकी मृतक शाबाज झोजा की दोस्ती थी।
वह एक साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने के लिये वीजा बनवाने का काम करते थे। काम में प्रतिस्पर्धा के चलते बढ़ी रंजिश तथा मृतक द्वारा अभियुक्त से लगातार पैसों की डिमाण्ड के चलते उसने योजनाबद्ध तरीके से हत्या के मामले को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी से उसका मोबाइल फोन, खून से सनी शर्ट, आधार कार्ड, नगदी भी बरामद किए हैं। पुलिस व स्वाट सर्विलांस टीम में निरीक्षक धीरज सोलंकी, दरोगा जर्रार हुसैन प्रभारी सर्विलांस, सिपाही खालिद, रईस, बेताब जावला, मोनू, मोहित शर्मा व थाना नजीबाबाद के प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार गौड़, निरीक्षक अपराध अर्जुन सिंह, एसएसआई राजीव चौधरी, दरोगा जनप्रिय गौड़, नरेन्द्र यादव शामिल रहे।
