बरेली: जिले के 29791 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगी बूस्टर डोज
बरेली, अमृत विचार। देश में कोरोना की आशंकित तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना टीकाकरण की बूस्टर डोज लगाने का बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था। जिला स्तर पर इस संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स का डाटा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जिला …
बरेली, अमृत विचार। देश में कोरोना की आशंकित तीसरी लहर के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना टीकाकरण की बूस्टर डोज लगाने का बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया था। जिला स्तर पर इस संबंध में स्वास्थ्यकर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स का डाटा तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभी तक इस संबंध में शासन की ओर से कोई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है लेकिन टीकाकरण महाअभियान के शुरुआती दौर को ध्यान में रखते हुए कुछ तैयारियां स्थानीय स्तर से की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाइन वर्कर्स की सूची बनानी शुरू कर दी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में 29,791 स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा तैयार किया जा रहा है। इन स्वास्थ्यकर्मियों को 10 जनवरी से बूस्टर डोज लगाने का कार्य किया जाएगा। वहीं, 15-18 आयुवर्ग के किशोरों के लिए कोवैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद टीकाकरण कराने को लेकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
टीकाकरण में इस संशोधन को लेकर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि जिले में टीकाकरण महाअभियान को सुचारू रूप से सफल बनाने के लिए 419 स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर 556 एएनएम, 106 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, 3311 आशाएं व 2726 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सहयोग लिया जाएगा। इस बाबत सभी वैक्सीनेटरों, वैरिफायरों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। जनवरी 2022 में वयस्कों के लिए लगने वाली जायकोव-डी टीके की डोज के लिए प्रशिक्षण लगातार कराया जा रहा है।
करीब ढाई लाख किशोरों को लगेगी कोवैक्सीन
जिले में स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 15-18 आयुवर्ग के किशोर व किशोरियों की संख्या करीब ढाई लाख है। उन्होंने बताया कि इनके टीकाकरण को लेकर जल्द ही नई गाइडलाइन जारी होने की उम्मीद है। गाइडलाइन जारी होने के साथ ही टीकाकरण महअभियान की शुरुआत की जाएगी।
53 प्रतिशत लोगों ने सोमवार को कराया वैक्सीनेशन
जिले में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 52 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था, जिसके सापेक्ष 27,964 लोगों ने टीकाकरण कराया। इसमें 18 वर्ष से अधिक के 34 हजार लोगों में 15,344 लोगों ने टीकाकरण कराया। वहीं, 45 वर्ष से अधिक उम्र में 18 हजार लोगों में 12,650 लोगों ने टीकाकरण कराया।
