अमरोहा : फर्नीचर कारोबारी को आत्महत्या के लिए उकसाने में एसडीएम समेत तीन पर केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के उत्पीड़न के चलते फर्नीचर कारोबारी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र स्थित 13 अगस्त सुबह की है। दरअसल, मूल रूप से संभल जिले के नखासा …

अमरोहा, अमृत विचार। पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के उत्पीड़न के चलते फर्नीचर कारोबारी द्वारा आत्महत्या करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र स्थित 13 अगस्त सुबह की है।

दरअसल, मूल रूप से संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के गांव मिलक शाहपुर चमरान निवासी मोहम्मद जाबिर अली फर्नीचर कारोबारी थे। वह दिल्ली के ओम विहार उत्तम नगर इलाके में रह रहे थे। आत्महत्या करने से पहले जाबिर अली ने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। जिसके बाद मृतक के भाई मोहम्मद आकिल ने उत्तम नगर थाने में तहरीर दी थी। जिसमें आरोप था कि जाबिर अली ने डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव जिवाई में फैक्ट्री संचालन के लिए सैफ आलम से जमीन खरीदी थी। जमीन पर वह काबिज भी हो गए थे, फैक्ट्री लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया था। लेकिन जमीन का दाखिल खारिज कराने को लेकर लगातार वह जिम्मेदार अफसरों के चक्कर लगा रहे थे।

आरोप है कि स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई। मुरादाबाद निवासी सउद आलम और उसकी बहन शाजिया ने फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर जमीन में मुकदमें बाजी शुरू कर दी। जाबिर अली यह मुकदमा एसडीएम कोर्ट और कमिश्नर कोर्ट से भी जीत गए।

तहसीलदार ने दाखिल खारिज की रिपोर्ट भी लगा दी। आरोप था कि एसडीएम सदर विवेक यादव ने मृतक जाबिर अली से पांच लाख रुपये लेने बाद भी सउद और साजिया के पक्ष में दो अगस्त को रिपोर्ट लगा दी। जब जाबिर ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें जेल भेजने की धमकी मिली। उन्होंने उत्तम नगर स्थित घर में आत्महत्या कर ली थी। मृतक के परिजनों ने स्थानीय स्तर पर डीएम और एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।

वहीं दिल्ली पुलिस भी मामले की जांच में जुटी थी। करीब एक महीने पहले तत्कालीन सदर एसडीएम विवेक यादव का तबादला हापुड़ जनपद के लिए हो गया था। जांच पड़ताल के बाद रविवार को उत्तम नगर थाने में तत्कालीन एसडीएम विवेक यादव, सउद आलम व शाजिया पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

संबंधित समाचार