अमरोहा : मुख्यमंत्री कल हसनपुर में, करेंगे करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। नगर में बुधवार को पहुंच रही भाजपा की जनविश्वास यात्रा को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। उनकी ओर से करोड़ों रुपये की लागत से बने कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसी के मद्देनजर मंगलवार को विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से रैली को सफल …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। नगर में बुधवार को पहुंच रही भाजपा की जनविश्वास यात्रा को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। उनकी ओर से करोड़ों रुपये की लागत से बने कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसी के मद्देनजर मंगलवार को विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।

भाजपा हाईकमान के निर्देश पर पूरे प्रदेश में निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा हसनपुर नगर में पहुंच रही है। नगर के सुखदेव इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसको सफल बनाने के लिए विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने मंगलवार को हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री के ओजस्वी विचारों को सुनने की अपील की। इस मौके पर पंडित महेश चंद शर्मा, विशाल देव त्यागी, शिवा राणा, हरिओम, रतन सिंह खड़गवंशी, मनोहर सिंह, राहुल त्यागी, भूपेश त्यागी, राम रतन सिंह, हरकेश, ब्रहम सिंह, दीपक आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल के चारों ओर लगाए होर्डिंग
मुख्यमंत्री की रैली स्थल को भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने होर्डिंग से पाट दिया है। चारों तरफ भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के होल्डिंग नजर आ रहे हैं। हसनपुर विधानसभा क्षेत्र में इस समय भाजपा से कई नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। संभावित प्रत्याशियों के द्वारा भी जनसभा स्थल के चारों ओर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाये हुए है। संभावित प्रत्याशी अपने आप को भाजपा की ओर से प्रत्याशी मानकर चल रहे हैं।
रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
जन विश्वास यात्रा में शामिल होने आ रहे मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं। मुख्यमंत्री की सभा को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए दो डीएसपी, 10 सीओ, 38 एसएचओ, 141 एसआई, 402 कांस्टेबल, 81 महिला कांस्टेबल, 18 ट्रैफिक पुलिस के जवान दो प्लाटून पीएसी को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आला अफसर पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। रैली प्रभारी पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाते हुए उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के टिप्स भी बताए।
