बरेली कमिश्नरी की 25 सीटों को नाथने उतरे भाजपा के चाणक्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रान के मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर दो दिनों से यह चर्चा छिड़ी है कि जनवरी के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने के साथ रैलियों पर भी प्रतिबंध लग जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो बरेली कमिश्नरी में भाजपा पर कोई फर्क पड़ता नहीं दिख रहा …

बरेली, अमृत विचार। कोविड-19 के नए वेरिएंट ओमिक्रान के मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर दो दिनों से यह चर्चा छिड़ी है कि जनवरी के पहले सप्ताह में आचार संहिता लागू होने के साथ रैलियों पर भी प्रतिबंध लग जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो बरेली कमिश्नरी में भाजपा पर कोई फर्क पड़ता नहीं दिख रहा है। वो इसलिए विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों की घोषणा भले ही अभी न हुई हो लेकिन भाजपा 31 दिसंबर तक 2017 में जीती गईं सीटों को नाथने का कार्य पूरा कर लेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 दिसंबर को जब शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी। उसी दिन ब्रज क्षेत्र में विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बज गया, तब से 31 दिसंबर तक बरेली कमिश्नरी के जनपदों में मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आगमन शुरू हो गया। कमिश्नरी की 25 सीटों (बदायूं 6, शाहजहांपुर 6, पीलीभीत 4, बरेली 9) को नाथने के लिए भाजपा के चाणक्य धरातल पर उतर चुके हैं।

मथुरा से जन विश्वास यात्रा शुरू कर बरेली में उसका समापन करने के पीछे कमिश्नरी की सभी सीटों को साधने की तैयारी है। शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली और पीलीभीत में जन विश्वास यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय कानून मंत्री एसपी सिंह बघेल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम लगा हुआ है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बदायूं में जनसभा कर चुके हैं। तीन दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष दोपहर से शाम तक मैराथन बैठकें कर कमिश्नरी की 25 विधानसभा सीटों की चुनावी तैयारी परख गए।

बूथों को मजबूत कर सीटों को जीतने का मंत्र भी दे गए। 30 को मुख्यमंत्री का पीलीभीत दौरा बताया जा रहा है। 30 को ही बरेली में जन विश्वास यात्रा के स्वागत के लिए कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं। 31 दिसंबर को अमित शाह, सीएम योगी समेत कई वरिष्ठ नेताओं का कार्यक्रम है।

अमित शाह के रोड शो को लेकर सीआरपीएफ के कमांडेंट ने डेरा डाला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 31 की सुबह बरेली पहुंचेंगे। अभी उनका मिनट टु मिनट कार्यक्रम नहीं आया लेकिन उनका प्रस्तावित कार्यक्रम बरेली पहुंच गया है। मंगलवार को शाह के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए सीआरपीएफ कमांडेंट दिल्ली से बरेली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रोड शो रूट की जानकारी ली। एयरपोर्ट से लेकर किन-किन रूटों से रोड शो गुजरेगा, उसकी स्थिति जानीं।

कमांडेंट की निगरानी में ही अमित शाह के रोड शो का रूट फाइनल किया जाएगा। बुधवार को रूट फाइनल होने की बात कही गयी है। अमित शाह के बरेली आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं। हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। रोड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे लेकिन उनका कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है।

संबंधित समाचार