तीन दिन पहले दीवारों में से निकाला पिछली सरकारों का कारनामा : योगी
अमरोहा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन विश्वास यात्रा के दौरान अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में पश्चिमि उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त करने का काम किया है। अब यहां पर दंगे नहीं होते, बल्कि गन्ना उगाया जाता है। पिछली सरकार का काला कारनामा जनता ने देख …
अमरोहा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन विश्वास यात्रा के दौरान अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने पांच साल के कार्यकाल में पश्चिमि उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त करने का काम किया है। अब यहां पर दंगे नहीं होते, बल्कि गन्ना उगाया जाता है। पिछली सरकार का काला कारनामा जनता ने देख ही लिया। विकास का पैसा दीवार तोड़कर निकाला जा रहा है। इस दौरान सीएम ने 45 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
बुधवार को हसनपुर के श्रीमति सुखदेवी इंटर कॉलेज में जन विश्वास यात्रा पहुंची, जिसका लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन किया। यहां उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके राज्य में कभी विकास की बात ही नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था। 2017 के पहले विकास के लिए पैसा नहीं मिलता था, विकास का पैसा दीवारों को तोड़कर निकाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन और अनाज दिया है, जिससे कोरोना काल में कोई भूखा न रहे। सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य की भी चिंता की और उनकी आजीविका की भी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो कहा, उसे पूरा किया है। अब पहले की तरह विकास कार्य बाधित नहीं होते हैं, बल्कि बहुत तेजी के साथ काम किए जा रहे हैं। पहले की सरकारों में लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था, भाजपा ने इसे लौटाने का काम किया है। काशी में भगवान विश्वनाथ मंदिर का भी सौंदर्यीकरण कराया गया।
अयोध्या में राममंदिर बनाने का काम चल रहा है। अब जल्द ही वृंदावन की भी बारी है। तीर्थ स्थलों के विकास के लिए समिति का गठन कर दिया गया है। कहा कि पिछली की सरकारें अपने परिवार को ही सरकार मानती थीं। उप्र की 25 करोड़ जनता हमारा परिवार है। कहा कि किसानों का गन्ना का भुगतान, युवाओं को नौकरी, रोजगार और बेटियों की सुरक्षा करना ही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता रही है। प्रदेश के समग्र विकास के लिए सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा है।
जन कल्याणकारी योजनाओं के द्वारा पांच वर्ष बिना रुके और झुके समग्र विकास का कार्य किया गया है। कहा कि प्रदेश सरकार ने फ्री वैक्सीन देकर कोरोना महामारी के दौरान लोगों के जीवन और जीविका दोनों को बचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आठ चीनी मिलों का पुनरूद्धार किया जा रहा है। जिसमें जनपद अमरोहा की चीनी मिल भी शामिल है।
कहा कि पांच वर्ष होने जा रहे हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दंगा रहित सुरक्षित रह कर एक उत्तम प्रदेश बनने का कार्य सुदृढ़ हुआ है। यह वही प्रदेश है जहां युवा, गरीब, महिलाओं के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाती थी और उनके लिए जो पैसा आता था, वह बीच में ही खत्म हो जाता था। 2017 के पहले यह विकास का पैसा कहां जाता था इसका कोई अता-पता नहीं है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सिंह नागर और संचालन जिला प्रभारी विकास अग्रवाल ने किया।
साढ़े चार साल में किया गन्ना भुगतान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा एक लाख 51 हजार करोड़ रुपये का भुगतान साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में गन्ना किसानों का किया गया है। जो कि पिछली सरकारों ने 14 वर्ष के कार्यकाल में नहीं किया। सरकार किसानों की चिंता करती है। केंद्र सरकार भी किसानों हित का पूरा ख्याल रखती है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता है।
यह लोग रहे मौजूद
जनसभा में परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, अनिल शर्मा, सांसद कैराना प्रदीप चौधरी, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, राजीव तरारा, संगीता चौहान, एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहिन बेनीबाल, कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सांसद चौधरी कवंर सिंह तंवर, देवेंद्र नागपाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, जिला उपाध्यक्ष राजपाल सैनी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शिखर अग्रवाल, नरेंद्र प्रताप राणा, विवेक गुप्ता, राहुल राणा, सतीश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, प्रियांश गर्ग, अतुल गर्ग, संदीप गुप्ता, पंकज भटनागर, रानू रस्तोगी, मोहित अग्रवाल, प्रतीक गोयल, राजू गोयल, मुदित गुर्जर, राजेंद्र खड़गवंशी, कविता सैनी, राकेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, सोनिया प्रजापति, अंगूरी देवी, निर्देव देवी, महेश खड़गवंशी, सचिव गुप्ता, सौरभ गुप्ता, अर्पण गुप्ता, राजेश सैनी दीपमाला वर्मा शुभम अग्रवाल।
‘सभी लोग कोरोना से बचाव को लगवाएं वैक्सीन’
मुख्यमंत्री ने जनसभा में लोगों से पूछा कि कोरोना से बचाव का टीका लगवाया या नहीं तो अधिकांश लोगों ने हाथ उठाकर कहा हां लगवा लिया। इस पर उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने सभी के लिए फ्री वैक्सीन की व्यवस्था की है। इसलिए कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन जरुर लगावाएं और अपने रिश्तेदार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। वैक्सीन ही कोरोना का सुरक्षा कवच है, वैक्सीन सबको लगाया जाना अनिवार्य है।
सपा, बसपा और कांग्रेस कोई मतलब नहीं
मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि पिछली सरकार में कांवड़ यात्रा नहीं निकाली जाती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने कांवड़ यात्रा निकलवाने का काम किया। सपा कांवड़ यात्रा नहीं निकाल सकती, बसपा और कांग्रेस भी नहीं करती। उन्होंने कहा कि सपा दंगा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है तो लोगों ने ना में जवाब दिया।
चाचा-भतीजे ने की लूट
जब पहले की सरकार में नौकरी की भर्ती निकलती थी तो चाचा-भतीजे वसूली करते थे, लेकिन भाजपा की सरकार में बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को नौकरी मिली है। किसी का दबाव नहीं रहा और न ही किसी को कुछ दिया, लेकिन सपा की सरकार में सबको पता है कि भर्ती में क्या होता था। चाचा-भतीजा वसूली करने के लिए निकल पड़ते थे। भजपा की सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने का काम किया। प्रधानमंत्री देश को एक अच्छे मार्ग ले जाने का काम कर रहे हैं।
जन विश्वास यात्रा को समर्थन देने की अपील की
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के कर्ज माफ किए हैं, गन्ने की फसल का दाम बढ़ाया है। प्रदेश को दंगामुक्त कर बेटियों को सुरक्षा देने का काम किया है। जनसभा के दौरान उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जन विश्वास यात्रा को समर्थन दीजिए। यह समर्थन ही आपका आशीर्वाद है। 2017 के बाद कराए गए विकास कार्यों को देखते हुए आपका आशीर्वाद चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले तीन माह भाजपा के मिशन को दे दिजीए। फिर से विकास की गंगा बहेगी।
आएंगे तो योगी ही गाने पर झूम उठी भीड़
जनसभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी के आने से पहले डीजे की धुन पर महिलाओं समेत भीड़ ने जमकर डांस किया। जैसे ही मुख्यमंत्री मंच पर चढ़े तो ‘आएंगे तो योगी ही’ गाने पर महिलाएं थिरकतीं नजर आईं। जनसभा स्थल पर उत्साह में भीड़ झूम उठी। इसके बाद मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने जनता का अभिवादन स्वीकार किया।
पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल ने किया गदा भेंट
मंच पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पहले जनता का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका का फूल कली भेंट कर स्वागत किया। वहीं पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल ने उनको गदा भेंट कर स्वागत किया।
जनसैलाब को देखकर गद-गद हुए योगी
जन विश्वास यात्रा के दौरान जनसभा स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम स्थल के बाहर तक लोग अपने चहेते मुख्यमंत्री को सुनने के लिए आए थे। मंच पर संबोधन करते समय जनसैलाब को देखकर वह गदगद हो उठे। खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यहां उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि प्रदेश में विकास हुआ है। 2017 से पहले प्रदेश में केवल अराजकता का माहौल था।
जन विश्वास यात्रा के दौरान नगर की सड़कों पर लगा जाम
जन विश्वास यात्रा के चलते नगर के मार्गों पर जाम की समस्या बनी रही। जाम होने के कारण रैली में मुख्यमंत्री को सुनने आए समर्थकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा।
नगर के बाईपास मार्ग, संभल मार्ग, गजरौला मार्ग, अमरोहा मार्ग, अंबेडकर पार्क मार्ग, राजपूत कॉलोनी मार्ग आदि मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जिससे शहरवासियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री को सुनने के लिए आए उनके समर्थकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अपने समर्थकों के हक में जमकर की नारेबाजी
मुख्यमंत्री की विशाल जनसभा में आए जनपद भर के समर्थकों ने अपने नेताओं के हक में जमकर नारेबाजी की। भाजपा हाईकमान के निर्देश पर पूरे प्रदेश के दौरें पर निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा बुधवार को नगर में पहुंची। जिसका कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। यात्रा इंटर कॉलेज के खेल मैदान में पहुंचकर एक जनसभा में बदल गई इस जनसभा को मुख्यमंत्री ने संबोधित किया। जनसभा में आए अपार जन समूह द्वारा अपने-अपने नेता के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। अपने नेता की ताकत का एहसास पार्टी हाईकमान को कराया।
उड़न खटोले को देखने के लिए उमड़ी भीड़
मुख्यमंत्री के उड़न खटोले को देखने के लिए भीड़ में भारी उत्साह देखा गया। जिस समय मुख्यमंत्री का उड़न खटोला आसमान से नीचे उतरा तो उसे देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ जनसभा स्थल पर एकत्र हो गई।
रथ में सवार होकर किया अभिवादन
मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से उतरकर जन विश्वास यात्रा के रथ में सवार होकर जनता का अभिवादन किया। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। बुधवार की दोपहर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर श्रीमती सुखदेव इंटर कॉलेज के खेल मैदान में उतरा। मुख्यमंत्री को रथ में बैठा देख कर उनके चहेतों ने रथ पर फूलों की वर्षा की।
छतों पर चढ़कर सुना भाषण
मुख्यमंत्री को सुनने के लिए जनता में भारी उत्साह देखा गया। रैली का पंडाल पूरी तरीके से भर गया और सड़कों पर जाम लग गया। इसके बाद जनता ने रैली स्थल के आसपास के मकानों की छतों पर बैठकर उनके भाषण को सुना।
अपने चहेतों के होर्डिंग लूटने की मची होड़
जनसभा की समाप्ति के बाद रैली स्थल पर लगे अपने चेहते भाजपा जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के होर्डिंगों को लूटने के लिए जनता में होड़ लग गई। रैली को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा भीड़ एकत्र की गई थी। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
भाषण में तीन बार लिया विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी का नाम
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी का तीन बार नाम लेकर उनसे निकटता होने का जनता को संदेश दे दिया। जनसभा के संबोधन के दौरान उन्होंने क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी का नाम लोकप्रिय विधायक लगाकर पुकारा और उसके बाद अन्य विधायकों के नाम लिए। इस बात को सुनकर विधायक के समर्थकों में जोश भर गया और वह विधायक जिंदाबाद के नारे लगने लगे।
