मुरादाबाद : अनुदेशकों ने मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा का विरोध
मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत अनुदेशकों के मानदेय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को दो हजार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा का अनुदेशकों ने विरोध जताया है। केवल दो हजार रुपये बढ़ाने पर निराशा जताई है। मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम के बाद उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत अनुदेशकों के मानदेय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को दो हजार रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा का अनुदेशकों ने विरोध जताया है। केवल दो हजार रुपये बढ़ाने पर निराशा जताई है। मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम के बाद उच्च प्राथमिक अनुदेशक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक की।
इसमें मुख्यमंत्री की दो हजार रुपये मानदेय में बढ़ोतरी पर निराशा जताकर विरोध किया गया। जिला उपाध्यक्ष विष्णु भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान में अनुदेशकों को सात हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। 2016 में सरकार ने अनुदेशकों के मानदेय में 1470 रुपये की वृद्धि की थी। इसके बाद 8470 रुपये मिलने लगा। कुछ समय बाद 1470 रुपए की रिकवरी कर ली गई, जिससे मानदेय फिर सात हजार रह गया। प्रदेश की योगी सरकार ने 2017 में अनुदेशकों का मानदेय 17000 करने का आश्वासन दिया था, जो अब तक नहीं किया गया। मामला हाईकोर्ट की डबल बेंच में विचाराधीन है।
जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि यह विडंबना है कि अनुदेशकों को नौ वर्षों से 7000 रुपये मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। इसमें 100 बच्चों की बाध्यता व सत्र में केवल 10 आकस्मिक अवकाश शामिल हैं। कहा कि एसोसिएशन की मांग है कि अनुदेशकों का मानदेय 35000 रुपये प्रतिमाह किया जाए। बताया कि जिले में 256 अनुदेशक हैं। बैठक में अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष अजब सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष राकेश कौशिक, मंत्री वसीम मसरुर, सचिन कुमार, योगेंद्र कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, मोनिजा खान, कविता शर्मा, वर्षा ठाकुर, स्नेह लता, अर्शी सिद्दीकी, सुनैना मेहरोत्रा, सल्बी जुल्फिकार, शाजिया इब्राहिम आदि रहे।
—————–
बेसिक शिक्षा में सुधार की प्रतिबद्धता को साकार करने का शिक्षकों ने लिया संकल्प
मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी आडिटोरियम में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों व रसोइयों से संवाद किया। इस कार्यक्रम का नगर संसाधन केंद्र पर सीधा प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री ने अनुदेशकों के मानदेय में प्रतिमाह दो हजार व रसोइयों के मानदेय में प्रतिमाह 500 रुपये बढ़ाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के बेसिक शिक्षा में सुधार की सरकार की प्रतिबद्धता जताने का सभी ने स्वागत कर इसको साकार करने के लिए काम करने का संकल्प लिया। सीधा प्रसारण देखने के दौरान खंड शिक्षाधिकारी नगर नगेंद्र सिंह, स्टेट रिसोर्स परसन डॉ. ऋतु त्यागी, सचिन शुक्ला, संजय विशाल, राहुल शर्मा, सुशीला देवी, कविता आदि रहे।
