मुरादाबाद : जश्न में डूबा शहर, बोले- हैप्पी न्यू ईयर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना के दौर में सरकारी बंदिशों के बीच शहरवासियों ने नाचते-गाते 2022 का स्वागत किया। लोग देर रात तक आनंद और उल्लास में डूबे रहे। जैसे ही घड़ी की सुई टिकटिक करती रात 12 बजने का संकेत दी उत्साह परवान चढ़ गया। लोग एक-दूसरे को नये साल की बधाई देने में मशगूल …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना के दौर में सरकारी बंदिशों के बीच शहरवासियों ने नाचते-गाते 2022 का स्वागत किया। लोग देर रात तक आनंद और उल्लास में डूबे रहे। जैसे ही घड़ी की सुई टिकटिक करती रात 12 बजने का संकेत दी उत्साह परवान चढ़ गया। लोग एक-दूसरे को नये साल की बधाई देने में मशगूल हो गए। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी के नजारे देखने को मिले। सभी ने एक स्वर में बोला- हैप्पी न्यू ईयर। हालांकि कोरोना के कारण इस बार क्लब, होटल, रेस्टोरेंट और मॉल आदि में सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हुए।

ज्यादातर लोगों ने घर में ही नये साल का जश्न मनाया। नव वर्ष की पूर्व संध्या शहर के वेब मॉल में खूब रौनक रही। मॉल को नए वर्ष की थीम पर सजाया गया था। सुबह से ही युवाओं की आवाजाही अन्य दिनों के अपेक्षा अधिक रही। मॉल में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए लोगों को प्रवेश दिया गया।

होटलों में हुए निजी इंतजाम
प्रशासन की ओर से सार्वजनिक कार्यक्रमों पर पाबंदी के कारण होटल संचालकों ने इस बार कोई खास इंतजाम नहीं किए। आखिरी शाम को यादगार बनाने के लिए लोग होटलों में परिवार संग निजी कार्यक्रम का आयोजन किया। रंग-बिरंगी लाइटों के बीच बजते संगीत ने नए साल के जश्न में समां बांधा।

महिलाओं ने जमकर की मस्ती
दीनदयाल नगर फेज- 1 में नव वर्ष का जश्न धूमधाम से मनाया गया। वैश्य समाज महानगर अध्यक्ष सुनीता गुप्ता द्वारा दीनदयाल नगर फेज 1 स्थित श्रीराम मंदिर में सभी सखियों ने मिलकर न्यू ईयर सेलिब्रेशन किया। इसमें सरप्राइज गेम हाउ जी नृत्य, सिंगिंग के साथ सभी ने खूब मस्ती की। भोलेनाथ से आने वाला साल खुशियों भरा हो इसकी कामना की। रात नौ बजे से कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में कई उपहार वितरित किए गए। रात में 12 बजे युवाओं ने आतिशबाजी कर की। साथ ही केक भी काटा गया। इसमें श्रेया गुप्ता, विमला अग्रवाल, मानसी अग्रवाल, गरिमा अग्रवाल, एकता, पूनम, प्रियंका, आरती, ऋतु, सुरजीत, भावना गुप्ता, मनोरमा आदि रहे।

वहीं लेडीज क्लब की ओर से शुक्रवार को आयोजित नव वर्ष पार्टी में महिलाओं ने खूब धमाल मचाया। महिलाओं ने बॉलीवुड के गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। कार्यक्रम में रैप वॉक आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से महिलाओं ने सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। लेडीज क्लब में उत्साह थीम पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर की गई। इसके बाद रेणु अग्रवाल ने कन्हैया का भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद पंच्युएलिटी निकाली गई, फिर वन मिनट गेम्स शुरू हुए। इसमें टंग ट्विस्टर, रिडल्स, बंबोला खास रहा। जिसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और कई उपहार भी जीते। रेणु सक्सेना भारतीय संता कन्नौज बनी, जिन्होंने सदस्यों को रेवड़ी, गजक का वितरण किया।

लेडीज क्लब में आयोजित न्यू ईयर कार्यक्रम में डांस करते लोग।

कार्यक्रम में स्नेह लता, सुमन कौशिक, माधुरी गुप्ता, आभा गुप्ता ने हास्य नाटिका प्रस्तुत की तो डॉ. विमिता, वंदना कपूर, रशमी रस्तोगी व मान्या कपूर ने दमादम मस्त कलंदर, गुलाबी आंखें जो तेरी देखी.. जैसे गीतों पर समां बांधा। इससे पूर्व क्लब की अध्यक्ष सरिता लाल और सचिव अदिती अग्रवाल ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद जिस पल का सभी को बेसब्री से इंतजार था, वह था फैशन शो। जिसकी थीम यंग गर्ल्स थी।

इसमें क्लब की वरिष्ठ सदस्याओं शशि शाह, सुशभ सिंह, मधु सहाय, स्वाति मित्तल, वंदना कपूर, रेणु पुप्ता, सरोज अग्रवाल, ममता गर्ग, उमा टंडन, अंजू गुप्ता, ने हिस्सा लिया। इसमें महिलाओं ने सभी धर्मों की वेश-भूषा में रैंप वाक कर जलबे बिखेरे। कार्यक्रम में पंच्युएलिटी पुरस्कार शोभा अग्रवाल को मिला। अंत में सभी महिलाओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। अंत में कंवीनर आरती गुलाटी से सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शशि शाह, ममता गर्ग, उमा टंडन, सरोज अग्रवाल, अंजू गुप्ता, मधु सहाय, रेनू गुप्ता, स्वाति मित्तल विदूषा, शिखा, अर्चना, अनुराधा, अल्का आदि रहीं।

संबंधित समाचार