मुरादाबाद : नकदी-मोबाइल लूट युवक को सड़क पर फेंक गए बदमाश
भोजपुर/मुरादाबाद/अमृत विचार। शुक्रवार को तड़के चार बजे रोडवेज बस स्टैंड पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे मजदूर को उधर से गुजर रही पिकअप के चालक ने बैठा लिया। वाहन में चार युवक पहले से ही बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में बदमाशों ने तमंचों की नोक पर युवक से मोबाइल फोन और साढ़े सात …
भोजपुर/मुरादाबाद/अमृत विचार। शुक्रवार को तड़के चार बजे रोडवेज बस स्टैंड पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे मजदूर को उधर से गुजर रही पिकअप के चालक ने बैठा लिया। वाहन में चार युवक पहले से ही बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में बदमाशों ने तमंचों की नोक पर युवक से मोबाइल फोन और साढ़े सात हजार रुपये लूट लिए। उसके बाद बदमाश पीड़ित को चलते वाहन से फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त पिकअप, मोबाइल फोन और लूटे गए रुपये बरामद कर लिए। घटना की रिपोर्ट चोरी में पंजीकृत की गई है।
थाना टांडा के गांव सीकमपुर मिलक निवासी फरजंद अली का बेटा शफरुददीन जम्मू के ब्रहना शहर में मकानों की रंगाई-पुताई का काम करता है। वह गुरुवार की रात जम्मू से ट्रेन से चला था। शुक्रवार को तड़के चार बजे मुरादाबाद उतरकर घर जाने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर सवारी की प्रतीक्षा कर रहा था। इस बीच उसके पास पिकअप आकर रुकी। उसमें दो युवक केबिन में एवं तीन पीछे बैठे थे। पीड़ित के अनुसार वाहन चालक ने 30 रुपये किराया तय करके उसे वाहन में बैठा लिया।
आरोप है कि 10 किलोमीटर दूर जाने के बाद पीछे तीन युवकों ने कनपटी पर तमंचे रखकर उससे मोबाइल फोन और बैग में रखे साढ़े सात हजार रुपये लूट लिए। उसके बाद लुटेरे युवक को चलती पिकअप से सड़क के किनारे खाई में फेंककर भोजपुर टांडा की ओर चंपत हो गए। इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने उसे वहां से चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित सिरसवां दोराहा पुलिस चौकी पर पहुंचाया।
पीड़ित ने चौकी प्रभारी को आपबीती सुनाई। उसके अनुसार उन्होंने उससे तहरीर लेकर लुटेरों का पता लगाने की बात कहकर टरका दिया। उसके बाद शनिवार को पुलिस ने लूटे गए मोबाइल फोन की सर्विलांस में लोकेशन लेकर तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त पिकअप, फोन और लूटी गई नकदी बरामद कर सील कर दी। थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
24 घंटे बाद चोरी में दर्ज की गई लूट की घटना
शुक्रवार को तड़के मुरादाबाद-रामनगर हाईवे पर पेंटर के साथ हुई लूट की घटना को थाना पुलिस ने 24 घंटों तक उच्चाधिकारियों से छिपाए रखा। पीड़ित ने घटना के कुछ देर बाद ही निकट की पुलिस चौकी में जाकर चौकी ईंचार्ज को लूट की जानकारी दे दी थी। उसके बाद पुलिस ने पीड़ित से मोबाइल फोन का आईएमईआई नबंर लेकर उसे अपने वाहन में बैठाकर उसके घर छोड़ दिया था। मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर शनिवार को लुटेरों को पकड़ने के बाद पुलिस ने पीड़ित को थाने में बुलाया। उसके अनुसार वहां मौजूद चाय बेचने वाले से चोरी की तहरीर लिखवा कर उस पर पीड़ित के हस्ताक्षर करवाए, उसके बाद चोरी में रिपोर्ट दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर दी।
बाइक मकैनिक के खोखे में नकब लगाकर चोरी
भोजपुर। थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज की बाउंड्री से सटे बाइक मकैनिक के खोखे में नकब लगाकर चोर गल्ले में रखे 12 हजार रुपये, स्पेयर पार्ट्स आदि चुरा ले गये। शनिवार की सुबह मैकेनिक शाकिर खोखे पर पहुंचा तो गुल्लक का ताला टूटा पड़ा था। उसके अनुसार उसमें रखे साढ़े ग्यारह हजार रुपये के अलावा खोखे में रखे नए-पुराने स्पेयर पार्ट्स भी गायब थे। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। कस्बा चौकी प्रभारी सतीश चंद्र ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान से 11 हजार रुपये ले भागा चोर
भोजपुर। गांव गनीमतनगर मझरा निवासी तसलीम पुत्र अजीज गांव में ही परचून की दुकान करता है। उसके अनुसार शनिवार को दोपहर एक बजे वह लघुशंका के लिए गया था। अचानक गांव का नावेद पुत्र नोमान वहां आया और गल्ले में रखे 11 हजार रुपये लेकर भागने लगा। इसी बीच वहां आ पहुंचे तसलीम ने उसे ऐसा करते देख उसका पीछा किया, जिस पर आरोपी सात सौ रुपये फेंक कर भाग गया। पीड़ित ने उसके खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
