जौनपुर: कल से लगेगा 15-18 साल तक के किशोरों को कोरोना का टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। जिले में 15 से 18 साल के तीन लाख से अधिक किशोरों को कोरोना का टीका लगाने की शुरुआत तीन जनवरी से होगी। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के ‘कोविन पोर्टल’ पर टीके के स्लाट की बुकिंग शुरू हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को बताया कि जनपद में 15 से 18 …

जौनपुर। जिले में 15 से 18 साल के तीन लाख से अधिक किशोरों को कोरोना का टीका लगाने की शुरुआत तीन जनवरी से होगी। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के ‘कोविन पोर्टल’ पर टीके के स्लाट की बुकिंग शुरू हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रविवार को बताया कि जनपद में 15 से 18 साल के आयुवर्ग के किशोरों की संख्या 3 लाख 15 हजार 205 है।

मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुये सोमवार से किशोर-किशोरियों के कोविड टीकाकरण को शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इसके तहत 15 से 18 वर्ष की उम्र के लोगों के लिए अलग से कोविड टीकाकरण केन्द्र बनाए गये हैं। इन्हीं केन्द्रों के माध्यम से कोविन पोर्टल पर टीकाकरण के आंकड़े अपलोड किये जायेंगे।

जौनपुर के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नरेंद्र सिंह ने बताया कि दस जनवरी से हेल्थ केयर वर्कर तथा फ्रंटलाइन वर्कर के साथ 60 से अधिक उम्र वाले रोगग्रस्त (कोमार्विड) लोगों को बूस्टर डोज दी जाएगी।

इसके लिए भी सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। फ्रंटलाइन वर्कर की श्रेणी में शामिल किये गये चुनाव ड्यूटी में तैनात होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी टीके की दोनों खुराक के अलावा बूस्टर डोज देने वालों में शामिल किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कोविड टीकाकरण में जौनपुर ग्रीन जोन में आ चुका है। लक्ष्य का 90 फीसद टीकाकरण हो चुका है। यह उपलब्धि हासिल करने के बाद ही जनपद ग्रीन जोन में आया है। इस समय प्रदेश के 20 जनपद इस श्रेणी में आ चुके हैं। जनपद में 18 वर्ष से अधिक उम्र की आबादी 34 लाख 26 हजार 408 है।

पढ़ें- हरदोई: गल्ला व्यापारियों ने प्रशासन को दी चुनौती, कर रहे हड़ताल, जानें क्यों?

इसमें से करीब 31 लाख लोगों को टीके की पहली डोज (90.5 फीसद) का टीकाकरण लक्ष्य पूर्ण करके जनपद ग्रीन जोन में आ चुका है, जिसमें जौनपुर प्रदेश में चौथे स्थान पर है। जिले में अब तक 48 लाख 70 हजार डोज लगाई जा चुकी हैं।

जनपद में 51 प्रतिशत से अधिक लोगों को टीके की दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सभी का आह्वान किया है कि यदि कोई भी प्रथम डोज से वंचित है तो वह टीका अवश्य लगवा लें। इसके साथ ही जिन लोगों का दूसरी खुराक लगवाने का समय आ गया है, वह अपनी दूसरी खुराक अवश्य लगवा लें।

संबंधित समाचार